समस्तीपुर में 20 सूत्री की बैठक में विभिन्न योजनाओं की समीक्षा, सड़क, स्वास्थ्य समेत कई मुद्दों पर हुई चर्चा
- by Manjesh Kumar
- 01-Sep-2026
- Views
20 सूत्री की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा। बैठक में सदर अस्पताल की व्यवस्था में कमी, पंचायत सरकार भवन की गुणवत्ता को लेकर हुई समीक्षा
समस्तीपुर: समस्तीपुर में विकास योजनाओं की रफ्तार और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कार्यक्रम एवं कार्यान्वयन समिति सह 20 सूत्री की बैठक हुई। बैठक में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पेयजल, सिंचाई समेत कई मुद्दों पर जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों के सामने समस्याएं रखीं। स्वास्थ्य व्यवस्था की समीक्षा के दौरान समस्तीपुर सदर अस्पताल में उपलब्ध पांच वेंटिलेटरों के संचालन के लिए तकनीकी कर्मियों की कमी का मामला सामने आया। वहीं पंचायत सरकार भवनों के निर्माण में गुणवत्ता की कमी का मुद्दा भी उठाया गया। बैठक की अध्यक्षता बिहार सरकार के परिवहन मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री दामोदर रावत ने की।
बैठक की शुरुआत डीएम रोशन कुशवाहा द्वारा प्रभारी मंत्री को बुके एवं पौधा भेंट कर स्वागत करने के साथ हुई। इसके बाद सांसद, विधायक, विधान पार्षद समेत अन्य जनप्रतिनिधियों का सम्मान किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री दामोदर रावत ने कहा कि जिला कार्यक्रम एवं कार्यान्वयन समिति की बैठक सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी है। जनप्रतिनिधियों के माध्यम से क्षेत्र की समस्याओं और विकास की जरूरतों की जानकारी मिलती है। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं को रखा। सड़क निर्माण और मरम्मत, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, बिजली आपूर्ति, पेयजल, सिंचाई, नगर एवं ग्रामीण विकास और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े मामलों पर चर्चा हुई।
प्रभारी मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बैठक को लेकर रोसड़ा विधायक वीरेंद्र पासवान ने कहा कि अब तक जितनी भी बैठकें हुई हैं, उनमें यह बैठक काफी कारगर रही। सीपीआईएम विधायक अजय कुमार ने कहा कि सरकार की ओर से बनाए जा रहे कुछ पंचायत सरकार भवनों की गुणवत्ता में कमी पाई गई है। इस मामले में संबंधित विभाग को गुणवत्ता सुनिश्चित करने की जरूरत है।स्वास्थ्य व्यवस्था की समीक्षा के दौरान समस्तीपुर सदर अस्पताल का मामला भी उठा।


Post a comment