तेजी से तैयार किया जा रहा है लालू का नया ठिकाना, 39 हार्डिंग रोड आवास भगवा से बदल हो गया हरा
- by Manjesh Kumar
- 26-Jun-2026
- Views
पटना: पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड आवास खाली करने के लिए भवन निर्माण विभाग के नोटिस के बाद जम कर राजनीति हुई और अब आवास शिफ्टिंग की तैयारी तेज हो गई है। राबड़ी देवी बहुत जल्द 10।सर्कुलर रोड आवास छोड़ कर 39 हार्डिंग रोड में शिफ्ट करेंगी। इसके लिए नए आवास को तेजी से तैयार किया जा रहा है। राबड़ी देवी के इस आवास में शिफ्ट करने से पहले सबसे पहले बंगला का रंग भगवा से बदल कर हरा किया गया है। इसके साथ ही 10 सर्कुलर रोड आवास के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे भी हटा लिए गए। मिली जानकारी के अनुसार भवन निर्माण विभाग के नोटिस में दिए गए डेडलाइन 29 जून से पहले ही राबड़ी देवी नए आवास में शिफ्ट हो सकती हैं।
39 हार्डिंग रोड स्थित नए सरकारी आवास में मरम्मत और साज-सज्जा का काम तेजी से पूरा कराया जा रहा है। पेंटिंग, इलेक्ट्रिकल फिटिंग, फर्नीचर शिफ्टिंग और अन्य तैयारियां अंतिम चरण में हैं। हालांकि परिवार कब तक नए बंगले में शिफ्ट होगा, इस पर अभी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। भवन निर्माण विभाग का कहना है कि सरकार पहले ही 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास का आवंटन नंदकिशोर राम के नाम कर चुकी है, लेकिन बंगला खाली नहीं होने से नए आवंटी को अब तक कब्जा नहीं मिल पाया है। विभाग ने साफ किया है कि यदि 29 जून तक आवास खाली नहीं किया गया तो बिहार सरकारी परिसर अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री और भवन निर्माण विभाग को पत्र लिखकर बताया था कि लालू प्रसाद यादव कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। डॉक्टरों ने उन्हें संक्रमण और पेंट की गंध से बचाने की सलाह दी है, उन्हें सीढ़ियां चढ़ने-उतरने में भी परेशानी होती है। इसी वजह से नए आवास में उनके लिए ग्राउंड फ्लोर पर विशेष कमरा तैयार किया जा रहा है। संक्रमण से बचाने के लिए अलग रहने की व्यवस्था भी की जा रही है। 39 हार्डिंग रोड का यह सरकारी आवास मंत्रियों को मिलने वाले सबसे बड़े आवासों में शामिल है। इसमें 8 बड़े कमरे और 3 बालकनी हैं। पूरे बंगले में नए मार्बल लगाए जा रहे हैं। गार्डन से लेकर भवन तक पेंटिंग और फिनिशिंग का काम जारी है। सभी कमरों को आधुनिक सुविधाओं के साथ तैयार किया जा रहा है।


Post a comment