25 अक्टूबर को पटना में गूंजेगा श्रीबाबू का जयघोष, अखिलेश प्रसाद सिंह ने बरबीघा पहुंच दिया न्योता

शेखपुरा: बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री और बिहार केसरी डॉ श्रीकृष्ण सिंह उर्फ श्रीबाबू की जयंती को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। 25 अक्टूबर को पटना के बापू सभागार में आयोजित होने वाले जयंती समारोह में शेखपुरा जिले के लोगों को आमंत्रित करने राज्यसभा सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह बरबीघा पहुंचे। उन्होंने जिलेवासियों से समारोह में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की।

बरबीघा पहुंचने पर कांग्रेस समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान विक्रम के पूर्व विधायक अनिल कुमार, नौबतपुर के कांग्रेस नेता अनिल कुमार विमल, वारिसलीगंज के मंटन सिंह, बरबीघा विधानसभा के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी त्रिशूलधारी सिंह और नगर परिषद के पूर्व सभापति रोशन कुमार समेत कई नेता व समर्थक मौजूद रहे। प्रेस वार्ता में अखिलेश प्रसाद सिंह ने श्रीबाबू के व्यक्तित्व, विचारों और बिहार के विकास में उनके योगदान पर चर्चा की। साथ ही एसआईआर, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, बिहार विधान परिषद चुनाव और केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों को लेकर भी अपनी राय रखी।

उन्होंने बताया कि समारोह का उद्घाटन कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे करेंगे। कार्यक्रम में श्रीबाबू के योगदान और उनके विचारों को याद किया जाएगा। प्रेस वार्ता के बाद सांसद श्रीकृष्ण चौक स्थित हटिया मोड़ पहुंचे और श्रीबाबू की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद वे अगले गंतव्य के लिए रवाना हो गए।

  

Related Articles

Post a comment