असम में बाढ़ से दो बिहारी मजदूरों की मौत, पप्पू यादव ने पीड़ित परिवारों को दी 10-10 हजार की सहायता राशि

पूर्णिया: असम में मजदूरी करने गए बिहार के दो युवकों की बाढ़ के पानी में डूबने से हुई मौत के बाद सांसद पप्पू यादव ने शोकाकुल परिवारों से मुलाकात कर संवेदना जताई और तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। सांसद ने दोनों पीड़ित परिवारों को अपनी ओर से 10-10 हजार रुपए की सहायता दी तथा असम सरकार से मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा और हरसंभव सहयोग देने का आग्रह किया। कसबा विधानसभा अंतर्गत जलालगढ़ प्रखंड की चक पंचायत के बैसा सिम्मा गांव, वार्ड नंबर-11 निवासी अजय कुमार के 19 वर्षीय छोटे भाई राहुल कुमार तथा बरगांव पोखर, वार्ड नंबर-10 निवासी अंजली देवी के 20 वर्षीय पुत्र आकाश ततमा असम में मजदूरी करने गए थे। इसी दौरान बाढ़ के पानी में डूबने से दोनों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद सांसद पप्पू यादव ने दोनों परिवारों से मुलाकात की और उनके दुख में साथ खड़े हुए।

सांसद पप्पू यादव ने कहा कि संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने असम सरकार से दोनों मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा देने तथा आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग रोजगार की तलाश में देश के अलग-अलग हिस्सों में जाते हैं और किसी हादसे में उनकी जान चली जाती है तो उनके परिवारों के सामने आर्थिक और मानसिक संकट खड़ा हो जाता है। ऐसे समय में उनके साथ खड़ा होना जनप्रतिनिधि का दायित्व है। गौरतलब है कि असम में बाढ़ के कारण जिन बिहारवासियों का दुखद निधन हुआ है, उनकी आधिकारिक सूची प्राप्त होने के बाद सांसद पप्पू यादव ने प्रत्येक शोकाकुल परिवार को अपनी ओर से 10 हजार की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इस पहल के तहत राहुल कुमार और आकाश ततमा के परिवारों को सहायता प्रदान की गई है।

इसी क्रम में सांसद ने कसबा थाना क्षेत्र के गुरही पंचायत के मटकोपा गांव, वार्ड नंबर-01 निवासी गिरजा देवी के पति स्वर्गीय ज्ञानी ऋषि के परिवार से भी मुलाकात की। ज्ञानी ऋषि का बीते दिनों सड़क दुर्घटना में निधन हुआ था। जनता दर्शन के दौरान परिवार ने सांसद से मुलाकात कर अपनी परेशानी बताई, जिसके बाद पप्पू यादव ने तत्काल आर्थिक सहायता दी और उचित मुआवजा दिलाने के लिए संबंधित स्तर पर वार्ता करने की बात कही। सांसद ने कहा कि सेवा, विकास और न्याय के लिए उनका अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

  

Related Articles

Post a comment