बांकीपुर में मतदान की रफ्तार काफी धीमी, पीके ने कहा पुलिस मतदाताओं को डरा रही, BJP उम्मीदवार ने...

पटना: राजधानी पटना के हाईप्रोफाइल बाकीपुर विधानसभा सीट पर उप चुनाव के लिए मतदान सुबह 7 बजे से जारी है। मतदान को लेकर लोगों में उत्साह की कमी दिख रही है और वोटिंग की रफ्तार काफी धीमी है। दोपहर 1 बजे तक महज 20.01 प्रतिशत ही मतदान हुआ है। मतदान को लेकर जिला प्रशासन ने पुख्ता तैयारी की है वहीं राजनीतिक आरोप प्रत्यारोप मतदान के दौरान भी जारी है। इस बीच राजनीतिक दल लगातार लोगों को मतदान के लिए बूथ पर आने की अपील भी कर रहे हैं।

मतदान के दौरान भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा ने कहा कि माहौल पूरी तरह से शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण है। माताएं, बहनें, माता-पिता, अभिभावक, चाचा-चाची, दादा-दादी, सभी वोट डालने के लिए बाहर आए हैं। हम चाहते हैं कि मतदान का प्रतिशत जितना हो सके उतना अधिक हो। हमें उम्मीद है कि वोटिंग प्रतिशत बढ़ेगा। हर कोई हमें अपना आशीर्वाद दे रहा है, खासकर माताएं और बहनें। मैं बांकीपुर का बेटा हूं और वे मुझे आशीर्वाद दे रहे हैं।

वहीं जन सुराज के संस्थापक और बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने कहा कि लोगों की शिकायत है कि जहां भी जन सुराज का समर्थन करने वाले वोटर इकट्ठा होते हैं, पुलिस उन्हें परेशान करती है। सिर्फ़ कल शाम से अब तक पुलिस ने 20 से ज़्यादा लोगों को गिरफ़्तार किया है। इसके बावजूद, स्थिति बिल्कुल साफ़ है: बीजेपी की ज़बरदस्त हार होने वाली है, इसमें कोई शक नहीं है। पुलिस हताशा में आखिरी कोशिश कर रही है, लेकिन पुलिस की कार्रवाई से आप चार लाख वोटरों को डरा नहीं सकते। हो सकता है कि लोग थोड़े परेशान हों इसलिए वोटिंग कम दिख रही है लेकिन आख़िरकार, वे वोट देने ज़रूर निकलेंगे। मैं लोगों से अपील करता हूं: डरें नहीं; बाहर निकलें और अपना वोट डालें। आखिरकार, यह पूरी लड़ाई पुलिस की मनमानी वाली इसी सरकार के ख़िलाफ़ है।

बता दें कि लंबे समय से भाजपा के कब्जे वाली सीट से निवर्तमान विधायक नितिन नबीन के पार्टी अध्यक्ष बनने और राज्यसभा जाने के बाद उपचुनाव जारी है। इस सीट पर एनडीए, महागठबंधन के प्रत्याशी समेत कुल 25 उम्मीदवार अपना किस्मत आजमा रहे हैं। हालांकि इस सीट पर मुख्य मुकाबला भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा, राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता और जन सुराज के संयोजक प्रशांत किशोर के बीच है। सभी प्रत्याशी अपनी जीत का दावा कर रहे हैं।

  

Related Articles

Post a comment