महंगाई ने लोगों की तोड़ दी है कमर, कटिहार के बरारी में राजद कार्यकर्ताओं ने दिया धरना
- by Manjesh Kumar
- 09-Jun-2026
- Views
कटिहार: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राज्यव्यापी आंदोलन के तहत मंगलवार को बरारी प्रखंड मुख्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरना में महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी, भ्रष्टाचार, बदहाल शिक्षा व्यवस्था, अनियमित बिजली आपूर्ति और कमजोर होती विधि-व्यवस्था जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। कार्यक्रम के बाद राजद नेताओं ने बिहार के राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन प्रखंड विकास पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार धीरज को सौंपा। धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद प्रखंड उपाध्यक्ष मिन्हाज आलम ने की। मुख्य अतिथि के रूप में राजद अतिपिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ बिहार के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कटिहार जिला प्रभारी विमल मालाकार मौजूद रहे। वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ बिहार अमरेन्द्र सिंह संजू ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है। आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जबकि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सीमित होते जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था बदहाल है और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की स्थिति अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है। साथ ही कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अपराध की घटनाओं में बढ़ोतरी से आम नागरिकों में असुरक्षा का माहौल है। राजद नेताओं ने सरकार पर जनहित के मुद्दों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
धरना को युवा राजद जिला उपाध्यक्ष शान्तनु यादव, उपेन्द्र राय, नरेश मंडल, बेचन शर्मा, पूर्व पंचायत समिति सदस्य राजेन्द्र दास, दिनेश चौधरी, राजद नेत्री रंजना कुमारी, हबीबुर्रहमान, हलीम बैठा, मो सोहैल, रघुवीर राय, अजहर अली, शकील खान, मुन्ना चौधरी, सरदार प्रदीप सिंह, सरदार भगत सिंह, सचित यादव, मो. इलियास, शफीक अहमद, अब्दुल खालिक, एत नारायण सिंह, रवि कुमार, दिलीप कुमार ठाकुर, खलील अंसारी एवं जाबीर विशनपुर सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संबोधित किया। धरना के दौरान बड़ी संख्या में राजद समर्थक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर जनहित से जुड़े मुद्दों पर अविलंब कार्रवाई की मांग की।


Post a comment