दक्षिणी भंडारताल में लगा सहयोग शिविर, 93 आवेदन प्राप्त, अधिकांश मामलों का मौके पर हुआ निष्पादन

कटिहार: बिहार सरकार के निर्देशानुसार बरारी प्रखंड की दक्षिणी भंडारताल पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया। शिविर के दौरान राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में 34 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 17 का निष्पादन किया गया। सांख्यिकी विभाग में 14 आवेदन प्राप्त हुए और सभी 14 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। पंचायती राज विभाग में 4 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका शत-प्रतिशत निष्पादन किया गया। ग्रामीण विकास विभाग में 4 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 2 का निष्पादन किया गया।

आपूर्ति विभाग में राशन कार्ड में नाम जोड़ने एवं हटाने से संबंधित 5 आवेदन प्राप्त हुए और सभी 5 मामलों का निष्पादन कर दिया गया। सामाजिक सुरक्षा कल्याण विभाग में 3 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 2 का निष्पादन हुआ। वहीं जीविका विभाग में 29 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 28 मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया। शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाया। इस अवसर पर भू-अर्जन पदाधिकारी अजमल खुर्शीद, जिला कल्याण पदाधिकारी दीपक कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी धीरेन्द्र कुमार धीरज, पंचायती राज पदाधिकारी राजकुमार सिंह, मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी (पीओ) श्यामदेव कुमार, जीविका बीपीएम संजीव कुमार, दक्षिणी भंडारताल पंचायत के मुखिया मो. इब्राहिम, सरपंच अर्जुन सिंह सहित सभी विभागों के पदाधिकारी, कर्मी एवं पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि शेष लंबित आवेदनों का भी नियमानुसार शीघ्र निष्पादन किया जाएगा।

  

Related Articles

Post a comment