मुहर्रम के दौरान अफवाह फैलाने या सांप्रदायिक सौहार्द्र बिगाड़ने वाले के विरुद्ध की जाएगी सख्त कार्रवाई, बरारी में शांति समिति की बैठक
- by Manjesh Kumar
- 24-Jun-2026
- Views
मुहर्रम में डीजे पर लगी रोक, 19 जुलूसों के लिए लाइसेंस आवेदन। हर जुलूस के साथ रहेगा वीडियोग्राफर, अफवाह फैलाने वालों पर प्रशासन की सख्त नजर
कटिहार: मुहर्रम पर्व को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को कटिहार के बरारी थाना परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक में साफ कर दिया गया कि मुहर्रम के दौरान डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। अब तक 19 जुलूसों के लिए लाइसेंस आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि सभी जुलूस आयोजकों के लिए वीडियोग्राफर रखना अनिवार्य किया गया है। प्रशासन ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों और शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
बैठक की अध्यक्षता अंचल पदाधिकारी मनीष कुमार ने की। उन्होंने कहा कि मुहर्रम सामाजिक समरसता और भाईचारे का पर्व है, इसलिए सभी लोग शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी तरह की विवाद, तनाव या समस्या की स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना दें ताकि समय रहते समाधान किया जा सके। थानाध्यक्ष सुमेश कुमार ने कहा कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्व की सूचना तुरंत पुलिस को दें। शांति भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शांति समिति की बैठक के दौरान एसडीपीओ सदर-2 सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि मुहर्रम के दौरान डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल करने वालों पर भी प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। उन्होंने कहा कि अब तक 19 लाइसेंस आवेदन प्राप्त हुए हैं और सभी जुलूस संचालकों को अपने साथ वीडियोग्राफर रखना होगा। बैठक में मुहर्रम जुलूस के रूट, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। मौके पर जिला परिषद सदस्य गुणसागर पासवान, सरपंच अमित कुमार यादव, सरपंच राजेश कुमार, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि जित्तन कुमार यादव, पूर्व मुखिया अमेंद्र सिंह, संजू, अमरजीत सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद थे।


Post a comment