कृषि योजनाओं की समीक्षा के दौरान फूटा विधायक का गुस्सा, लापरवाही पर पदाधिकारियों को लगाई फटकार
- by Manjesh Kumar
- 16-Jun-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: कांटी विधायक ई अजीत कुमार ने सोमवार को कांटी एवं मड़वन प्रखंड कार्यालयों में कृषि एवं उद्यान विभाग की योजनाओं की अलग-अलग समीक्षा बैठक की। दोनों प्रखंडों में योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति पर उन्होंने अधिकारियों एवं कृषि सलाहकारों से विस्तृत जानकारी ली। समीक्षा के दौरान कई मामलों में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विधायक का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए जवाबदेही तय करने की चेतावनी दी। बैठक में विधायक ने पिछले एक वर्ष के दौरान उद्यान विभाग की उपलब्धियों, नारियल पौधारोपण योजना तथा किसानों को वितरित किए गए पौधों की जानकारी मांगी। मड़वन में उद्यान पदाधिकारी काजल कुमारी द्वारा पौधारोपण की संतोषजनक जानकारी नहीं दिए जाने और अब तक पौधारोपण कार्य शुरू नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई।
दोनों प्रखंडों के कृषि पदाधिकारियों से सरकारी सिंचाई ट्यूबवेल, गरमा एवं धान फसल की तैयारी, बीज वितरण और संभावित खेती के रकबे की जानकारी ली गई। आवश्यक आंकड़े उपलब्ध नहीं होने पर विधायक ने कृषि सलाहकारों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए पकड़ी समेत कई पंचायतों के कृषि सलाहकारों का वेतन रोकने की अनुशंसा करने की बात कही। समीक्षा के दौरान विधायक ने कई किसानों से दूरभाष पर बात कर योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी। किसानों द्वारा लाभ नहीं मिलने की शिकायत पर उन्होंने कहा कि वास्तविक किसानों के बजाय अन्य लोगों को लाभ मिलना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रमाणित बीज समय पर किसानों तक पहुंचे और किसी भी स्थिति में उसकी बाजार में बिक्री न होने पाए।>
विधायक ने जिला कृषि पदाधिकारी से भी फोन पर बातचीत कर कांटी एवं मड़वन की स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने घोषणा की कि 22 जून को दोनों प्रखंडों में संबंधित अधिकारियों के साथ किसानों के खेतों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। बैठक में कांटी के कृषि अधिकारी शिवनाथ झा, प्रखंड उद्यान अधिकारी राम सुधाकर राय, सांख्यिकी अधिकारी मो रहमत अली, प्रियदर्शनी, नेहा कुमारी, दिलीप कुमार, शिवशंकर वर्मा के अलावे इधर मड़वन बीडीओ विनय कुमार, उद्यान अधिकारी काजल कुमारी, कृषि समन्वयक संतोष सिंह, जेडीयू प्रखंड अध्यक्ष मो शमीम, मनोज कुमार सिंह, अंकेश ओझा के अलावे बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।
मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट


Post a comment