पिता को सांप ने डंसा तो बोतल में बंद कर युवक पहुंचा अस्पताल, देखने के लिए जुट गई भीड़
- by Manjesh Kumar
- 18-Jul-2026
- Views
भागलपुर: भागलपुर के नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में शुक्रवार को एक अनोखा नजारा देखने को मिला। एक युवक अपने सांप से डसे पिता का इलाज कराने के साथ-साथ उन्हें काटने वाले जिंदा सांप को भी बोतल में बंद कर अस्पताल ले आया। युवक के हाथ में बोतल के अंदर जिंदा सांप देखकर अस्पताल में मरीजों, परिजनों और अन्य लोगों की भीड़ जुट गई। कई लोगों ने अपने मोबाइल से इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया। घटना कदवा थाना क्षेत्र के प्रताप नगर गांव की है। घायल की पहचान रुदल राय के रूप में हुई है। उनके पुत्र विवेक कुमार ने बताया कि दोनों खेत पर बने बासा में काम कर रहे थे। इसी दौरान रुदल राय ईंटों को हटा रहे थे, तभी ईंटों के बीच छिपे सांप ने उन्हें काट लिया।
विवेक कुमार ने बताया कि सांप की प्रजाति की जानकारी नहीं थी। इसलिए पिता को तुरंत नवगछिया अनुमंडल अस्पताल लाने के साथ ही उन्होंने सांप को भी सावधानीपूर्वक पकड़कर बोतल में बंद कर लिया, ताकि डॉक्टर उसकी पहचान कर इलाज में जरूरत पड़ने पर मदद ले सकें। अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार मरीज की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। वहीं, बोतल में बंद जिंदा सांप को देखने के लिए अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ लगी रही।


Post a comment