कुछ लोगों को पैसा कमाने की भूख है, पार्टी नेताओं पर फिर भड़के भाई वीरेंद्र, सरकार पर भी कसा तंज

पटना: राजधानी पटना के बाकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में करारी शिकस्त के बाद राजद के अंदर ही घमासान मच गया है। पार्टी की हार के बाद नेता आपस में ही उलझ गए हैं और एक दूसरे पर वार पलटवार कर रहे हैं। अब एक बार फिर मनेर के विधायक भाई वीरेंद्र गरजे और कहा कि पार्टी की सभी कमिटियां भंग की गई है और एक बार फिर यह गठित की जाएगी। नई कमिटियों के गठन का फैसला पार्टी के नेता करेंगे। वहीं उन्होंने एक बार फिर नाम लिए बगैर पार्टी के नेताओं पर हमला किया और कहा कि कुछ लोगों का लक्षण सुधरने वाला नहीं है। इनके अंदर पैसा कमाने की भूख है, इतनी आसानी से जाने वाली नहीं है। बता दें कि भाई वीरेंद्र ने बाकीपुर उपचुनाव में मिली हार के बाद तेजस्वी यादव के आसपास रहने वाले नेताओं पर सवाल।उठाए थे जिसके बाद शक्ति सिंह यादव ने उनसे पूछा था कि खुद क्या किया है। भाई वीरेंद्र ने कहा था कि चुनाव परिणामों की गंभीर समीक्षा होनी चाहिए और ऐसे लोगों को संगठन से हटाया जाना चाहिए, जिनकी वजह से पार्टी की छवि प्रभावित हो रही है। उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया था, लेकिन शक्ति यादव का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में आने लगा। भाई वीरेंद्र के इस बयान के बाद पार्टी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति यादव ने पलटवार करते हुए उनसे सवाल किया था कि उन्होंने पार्टी के लिए क्या योगदान दिया है? इस बयान के बाद दोनों नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो गई। ऐसे में आज फिर विधायक भाई वीरेंद्र ने कुछ नेताओं का जिक्र किया और तंज कसा।

इसके साथ ही तेजस्वी यादव की तरफ से सीवान में एके-47 और बिहार में अपराध के मुद्दे को उठाए जाने का भाई वीरेंद्र ने समर्थन किया। उन्होंने कहा कि बिहार में पत्रकार, किसान और आम आदमी कोई भी सुरक्षित नहीं है। राज्य में लगातार हत्या की घटनाएं हो रही हैं और सरकार सब कुछ देखते हुए भी चुप है। भाई वीरेंद्र ने आरोप लगाया कि अपराध के मामलों में गिरफ्तारियां भी गंभीरता से नहीं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से कई बार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की अपील की गई, क्योंकि जनता ने सरकार को सत्ता दी है और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उसकी जिम्मेदारी है लेकिन सरकार अपराध पर नियंत्रण करने में विफल साबित हुई है।

  

Related Articles

Post a comment