विजेंद्र यादव नहीं मै होता डिप्टी सीएम, सम्राट के साथ वायरल फोटो पर भाई वीरेंद्र ने दी सफाई, नाम लिए बगैर...

पटना: बाकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मिली हार के बाद से ही राजद के अंदर खींचतान जारी है। इसके साथ ही पार्टी के मुख्य प्रवक्ता और लालू यादव के करीबी मनेर से विधायक भाई वीरेंद्र के बीच जुबानी जंग जारी है। दरअसल बाकीपुर विधानसभा उपचुनाव में हार के बाद मनेर के विधायक भाई वीरेंद्र ने सीधे शब्दों में कहा था कि हमारे नेता के आसपास बैठने वाले कुछ लोगों को सामने से हटना होगा। उनकी वजह से हमारी पार्टी की किरकिरी हो रही है और छवि दिन प्रतिदिन खराब होती जा रही है। भाई वीरेंद्र के इस बयान के बाद मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने सख्त लहजे में पूछा था कि वे खुद बताएं कि पार्टी के लिए अब तक क्या किया है और इसके बाद से दोनों के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है। अब हाल ही में भाई वीरेंद्र की एक फोटो मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ सोशल मीडिया में वायरल हो रही है जिसके बाद कहा जा रहा है कि मनेर विधायक अब पाला बदलने वाले हैं।

इन कयासों पर विराम लगाते हुए भाई वीरेंद्र ने एक बार फिर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वह उस वक्त भी राजद और लालू यादव के साथ खड़े रहे थे जब 22 विधायक थे और सबने मुश्किल घड़ी में साथ छोड़ दिया था। अगर हम उस वक्त त्याग नहीं करते तो आज बिहार में विजेंद्र प्रसाद यादव उप मुख्यमंत्री नहीं होते बल्कि भाई वीरेंद्र होते। भाई वीरेंद्र ने कहा कि उन्हें सब पता है कि उनके खिलाफ क्या हो रहा है, लेकिन वे इतने छोटे आदमी नहीं हैं कि यह बताने लगें कि उनके खिलाफ कौन क्या कर रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग खुद को बचाने और अपना चेहरा छिपाने के लिए उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, भाई वीरेंद्र ने खुद को पार्टी का जांचा-परखा आदमी बताते हुए कहा कि वे लंबे समय से राजद और लालू प्रसाद के साथ मजबूती से खड़े रहे हैं। भाई वीरेंद्र ने कहा कि वह लालू प्रसाद के सिद्धांतों को गांव-गांव पहुंचाना चाहते हैं, तेजस्‍वी यादव को मुख्‍यमंत्री बनाना चाहते हैं।

  

Related Articles

Post a comment