भूख हड़ताल के चौथे दिन जिला प्रशासन ने मानी मांग, जूस पिला कर तुड़वाया अनशन
- by Manjesh Kumar
- 21-Sep-2026
- Views
वैशाली: वैशाली के देसरी रेलवे फ्लाईओवर निर्माण, महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव, रेलवे स्टेडियम के सौंदर्यीकरण एवं यात्री सुविधाओं सहित विभिन्न मांगों को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष रंजीत पंडित, अभिषेक कुमार, मनीष कुमार एवं अनीश की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल चौथे दिन जिला प्रशासन के लिखित आश्वासन के बाद समाप्त हो गई। डीसीएलआर सुधांशु शेखर, डीएसपी प्रवीण कुमार, बीडीओ महनार मुकेश कुमार, बीडीओ देसरी मोनिका कुमारी एवं अंचलाधिकारी कुमारी आंचल ने जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया।
भूख हड़ताल समाप्त कराने के लिए जिला प्रशासन रविवार रात से ही सक्रिय रहा। रातभर अधिकारियों ने अनशन स्थल पर बातचीत की। देसरी प्रखंड एवं अंचल कार्यालय भी रात में खुले रहे तथा पुलिस की विशेष तैनाती के कारण देसरी पुलिस छावनी में तब्दील रहा। हालांकि, लिखित आश्वासन मिलने तक अनशन समाप्त नहीं करने की मांग पर आंदोलनकारी अड़े रहे। जिला पदाधिकारी ने रेलवे फ्लाईओवर निर्माण को लेकर पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक को कार्रवाई की अनुशंसा की है। वहीं, एसडीओ महनार ने डीआरएम एवं जिलाधिकारी को विस्तृत रिपोर्ट भेजी है, जिसकी प्रति रंजीत पंडित को दी गई।
लिखित सहमति के अनुसार 23 सितंबर को हाजीपुर में जिलाधिकारी, सोनपुर रेल मंडल के डीआरएम, रेलवे के वरीय अधिकारियों एवं आंदोलनरत पक्ष के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की बैठक होगी। इसमें रेलवे फ्लाईओवर, ट्रेन ठहराव, स्टेडियम सौंदर्यीकरण सहित अन्य मांगों पर चर्चा होगी। आगामी दिशा की बैठक में आंदोलनरत पक्ष के एक प्रतिनिधि को भी शामिल किया जाएगा। रंजीत पंडित ने कहा कि आंदोलन देसरी एवं आसपास के लोगों की वर्षों से लंबित समस्याओं के समाधान के लिए था। उन्होंने आंदोलन को मिले जनसमर्थन के लिए लोगों का आभार जताया।
इस अवसर पर राजू साह, विजय कुमार यादव, मो रुस्तम, उत्तम ठाकुर, अजीत राय, चंदन तेजपुंज, संजीव यादव, भूषण कुमार यादव, राहुल कुमार यादव, बिपिन कुमार यादव, मनीष कुमार, गणेश पंडित, पंकज पटेल, रत्नेश सिंह, प्रदीप कुमार, आकाश कुमार, दयानंद पासवान, विकास कुमार यादव, सोहन कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।


Post a comment