कटिहार में बाइक से ससुराल जा रहा था युवक, रास्ते में सड़क दुर्घटना में हो गई मौत
- by Manjesh Kumar
- 06-Oct-2026
- Views
कटिहार: कटिहार के कोढ़ा थाना क्षेत्र के काली स्थान के समीप सोमवार रात करीब आठ बजे सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बरारी थाना क्षेत्र की लक्ष्मीपुर पंचायत के बड़ी भैसदिरा वार्ड संख्या 15 निवासी सुरेश मंडल के 31 वर्षीय पुत्र प्रकाश मंडल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार प्रकाश मंडल सोमवार रात बाइक से अकेले अपने ससुराल धमदाहा उत्तर टोला जा रहे थे। इसी दौरान काली स्थान के समीप एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद प्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर कोढ़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शव के गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा रहा। मुखिया प्रतिनिधि राजीव कुमार भारती और संजय यादव ने मृतक के आश्रित परिवार को उचित मुआवजा देने तथा हादसे में शामिल अज्ञात वाहन और चालक की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस दुर्घटना में शामिल वाहन और चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है।


Post a comment