बाइक और ट्रैक्टर की टक्कर में दो युवक जख्मी, डॉक्टर ने किया पूर्णिया रेफर
- by Manjesh Kumar
- 04-Sep-2026
- Views
कटिहार: कटिहार के आजमनगर- सालमारी मुख्य मार्ग पर कुशहा गांव के समीप शुक्रवार को संध्या बाइक और ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को सड़क से उठाकर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आजमनगर पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सक डॉ संजय कुमार ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल पूर्णिया रेफर कर दिया गया।
घायलों की पहचान बलिया बेलौन थाना क्षेत्र निवासी विष्णु साह तथा अनु कुमार साह के रूप में बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार दोनों व्यक्ति बाइक से बंगाल की ओर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान आजमनगर- सालमारी मार्ग पर कुशहा गांव के समीप उनकी बाइक की ट्रैक्टर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सोशल एक्टिविस्ट अजहर निजामी समाज सेवी मोहम्मद राजा सनातन पोद्दार नवाज शरीफ आदि लोगों ने बताया कि सालमारी आजमनगर सड़क बेहद जर्जर व खराब होने के कारण दुर्घटना हुई। घटना की सूचना संबंधित पुलिस को भी दी गई है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हुआ या नहीं, इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


Post a comment