बीएम कॉलेज के कर्मियों के वेतन में होगी 1000 रुपए की बढ़ोतरी, शासी निकाय की बैठक में लिया गया निर्णय

कटिहार: कटिहार बरारी प्रखंड स्थित बीएम कॉलेज में शासी निकाय की बैठक में कॉलेज के शैक्षणिक एवं आधारभूत विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों की समस्याओं पर चर्चा के साथ उनके मासिक वेतन में एक हजार रुपये की बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया गया। बढ़ी हुई राशि का भुगतान इसी माह से किए जाने की बात कही गई। बैठक की अध्यक्षता शासी निकाय के अध्यक्ष सह बरारी विधायक विजय सिंह निषाद ने की। इस दौरान उन्होंने कॉलेज के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का आश्वासन दिया। बैठक में विश्वविद्यालय प्रतिनिधि डॉ मिहिर कुमार ठाकुर, सचिव जनार्दन प्रसाद भगत, प्राचार्य गोपाल प्रसाद राय, शिक्षक प्रतिनिधि प्रो रविन्द्र कुमार सिंह तथा एमएलसी प्रतिनिधि राजीव भारती मौजूद रहे।

सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर

विधायक विजय सिंह निषाद ने कॉलेज में प्राचार्य कक्ष और शौचालय का निर्माण कराने तथा ऊपरी मंजिल पर सभागार बनवाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि बरारी प्रखंड के एकमात्र महाविद्यालय में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने के साथ आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता है। बैठक में कॉलेज के शैक्षणिक वातावरण, कर्मियों की सुविधाओं तथा भवन एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। वेतन वृद्धि सहित विकास कार्यों के निर्णय पर कॉलेज कर्मियों ने शासी निकाय के अध्यक्ष एवं सदस्यों के प्रति आभार जताया।

  

Related Articles

Post a comment