त्योहार के बीच बिहार में शराब तस्करी का खेल, यात्री बस से पुलिस ने किया बरामद
- by Manjesh Kumar
- 15-Oct-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी का धंधा लगातार जारी है। मुजफ्फरपुर में उत्पाद विभाग की टीम ने शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सिलीगुड़ी से आ रही एक यात्री बस से विदेशी शराब की खेप बरामद की है। कार्रवाई के दौरान कथित शराब कारोबारी के साथ बस के चालक और उपचालक को भी गिरफ्तार किया गया है। तीनों से पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि सिलीगुड़ी से मुजफ्फरपुर आने वाली एक यात्री बस में विदेशी शराब की बड़ी खेप छिपाकर लाई जा रही है। सूचना मिलने के बाद उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उत्पाद सहायक अवर निरीक्षक दिलीप पासवान के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया।
टीम ने बेनीबाद थाना क्षेत्र स्थित उत्पाद विभाग के चेकपोस्ट पर निगरानी शुरू कर दी। उत्पाद विभाग की टीम संदिग्ध बस के पहुंचने का इंतजार कर रही थी जैसे ही सिलीगुड़ी से मुजफ्फरपुर आ रही यात्री बस चेकपोस्ट पर पहुंची, अधिकारियों ने उसे रोक लिया और तलाशी शुरू कर दी। तलाशी के दौरान बस की डिक्की में रखी विदेशी शराब की खेप बरामद हुई। शराब मिलने के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने मौके से एक कथित शराब कारोबारी, बस चालक और उपचालक को गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब की कुल मात्रा, ब्रांड और उसकी कीमत के संबंध में फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। उत्पाद विभाग की टीम अब बरामद शराब की पूरी जानकारी जुटाने में लगी है।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार तीनों लोगों से पूछताछ के आधार पर शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाया जा रहा है।


Post a comment