वैशाली के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरा पर पहुंचे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, पीड़ितों के बीच खाद्य सामग्री का किया वितरण

वैशाली: गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि के बाद वैशाली जिले के कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री सह हाजीपुर सांसद चिराग पासवान अपने संसदीय क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेने पहुंचे। चिराग पासवान ने एसडीआरएफ की नाव के जरिए सरायपुर और तेरसिया पंचायत समेत कई दूरदराज के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने करीब 1,000 प्रभावित परिवारों के बीच सूखा राशन और जरूरी राहत सामग्री का वितरण किया। उन्होंने स्थानीय निवासियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। 

क्षेत्र भ्रमण के बाद केंद्रीय मंत्री ने गंगाब्रिज थाना के पास चल रहे राहत शिविर और सामुदायिक रसोई का निरीक्षण किया। वहां उन्होंने भोजन की स्वच्छता और गुणवत्ता की जांच की तथा बाढ़ पीड़ित बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर खुद भी खाना खाया। मौके पर मौजूद वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह और पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा को चिराग पासवान ने नावों का सुचारू परिचालन, नियमित राशन आपूर्ति और स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार इस संकट के समय में हर बाढ़ पीड़ित के साथ मजबूती से खड़ी है और सभी संभव मदद पहुंचाई जाएगी। इस दौरान राज्य सरकार के मंत्री, स्थानीय जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। 

  

Related Articles

Post a comment