पटना में आंदोलनरत छात्रों से केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने की मुलाकात, फिर पहुंच गए मुख्यमंत्री आवास

पटना: राजधानी पटना में विभिन्न मांगों को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन पिछले कई दिनों से लगातार जारी है। छात्रों के विरोध प्रदर्शन को अब राजनीतिक सहयोग भी मिलने लगा है। एक तरफ जहां विपक्ष लगातार छात्रों का समर्थन करते हुए सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा है तो दूसरी तरफ सत्ता पक्ष के कुछ नेताओं ने भी छात्र का समर्थन किया है। मंगलवार को राजधानी में बड़े स्तर पर छात्रों का विरोध प्रदर्शन किया तो शाम में एनडीए के सहयोगी दल लोजपा(रा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी मुलाकात के लिए पहुंचे। छात्रों से मुलाकात के बाद चिराग सीधे मुख्यमंत्री आवास पहुंचे और छात्रों के संबंध में सीएम से बातचीत की।

छात्रों से मुलाकात के बाद चिराग पासवान ने कहा है कि वे मुख्यमंत्री के सामने छात्रों की मांगें रखेंगे और समाधान निकालने का आग्रह करेंगे। ऐसे में अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ उनकी प्रस्तावित मुलाकात को आंदोलन के अगले कदम के लिहाज से अहम माना जा रहा है। छात्रों का आंदोलन फिलहाल जारी है और उनकी प्रमुख मांगें परीक्षा प्रणाली, नेगेटिव मार्किंग, डोमिसाइल और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता से जुड़ी हैं। मंगलवार के प्रदर्शन के बाद सरकार और छात्रों के बीच बातचीत से समाधान निकलने की उम्मीद बढ़ी है।

बता दें कि छात्र आंदोलन के बीच BPSC परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह के एक विवादित बयान को लेकर भी मामला गरमाया। रिपोर्टों के मुताबिक उनके बयान के बाद विवाद बढ़ा और सरकार की ओर से उनके निलंबन का निर्देश दिया गया। बाद में उन्होंने अपने बयान को लेकर माफी भी मांगी।

  

Related Articles

Post a comment