सीएम सम्राट ने मीठापुर - महुली एलिवेटेड रोड निर्माण का किया निरीक्षण, कहा इसके बन जाने से...

पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को मीठापुर-महुली एलिवेटेड रोड परियोजना के द्वितीय चरण के अंतर्गत चल रहे निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उन्हें परियोजना की प्रगति एवं अद्यतन स्थिति से अवगत कराया। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना के दूसरे चरण के तहत मीठापुर से सिपारा तक का निर्माण अंतिम चरण में है। इसके पूरा होने पर यह एलिवेटेड रोड सीधे पटना जंक्शन (करबिगहिया) स्थित पुराने फ्लाईओवर एवं मीठापुर आरओबी गोलंबर से जुड़ जाएगा। इससे दक्षिण पटना के मीठापुर, सिपारा, एतवारपुर, परसा एवं कुरथौल क्षेत्रों के लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी तथा राजधानी की गया, जहानाबाद एवं गया-डोभी फोरलेन (एनएच-83) से कनेक्टिविटी और अधिक सुदृढ़ होगी।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुये कहा कि परियोजना के शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के अंदर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करें। इस परियोजना के पूर्ण होने से लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी, आवागमन सुगम होगा तथा समय की भी बचत होगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री प्रधान सचिव दीपक कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

  

Related Articles

Post a comment