पटना में आपस में भिड़े कांग्रेस - भाजपा के कार्यकर्ता, एक दूसरे भांजी लाठियां, पत्थरबाजी भी की

पटना: एक तरफ राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बाद बुधवार को राजधानी पटना में छात्रों ने उग्र प्रदर्शन किया तो दूसरी तरफ भाजपा का कांग्रेस के विरुद्ध देश भर में प्रदर्शन चल रहा है। राजधानी पटना में भाजपा का यह प्रदर्शन उग्र हो गया और दोनों पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे पर जम कर लाठियां भांजी साथ ही पत्थरबाजी भी की। दरअसल भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय के सामने प्रदर्शन करने पहुंचे थे और इसी दौरान आपस में भिड़ गए। इस दौरान दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे पर काफी देर तक लाठियां चलाई साथ ही पत्थरबाजी भी की।

मामले को लेकर कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ता एक दूसरे पर पत्थरबाजी का आरोप लगा रहे हैं। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता हमारे कार्यालय के सामने प्रदर्शन करने आ रहे थे तो हमलोग गांधीवादी अंदाज में गुलाब का फूल लेकर उनका स्वागत करने के लिए खड़े थे कि आइए और आप लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन करिए लेकिन उन लोगों ने हम पर हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पत्थरबाजी में मुझे भी चोट लगी है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाजपा में शीर्ष पदों पर बैठे लोग अपने कार्यकर्ताओं को गुंडे की तरह मारपीट करने के लिए भेजते हैं। ये लोग सरकार ठीक से नहीं चला पा रहे हैं साथ ही विरोध करने पर अब घर में घुस कर मारपीट भी कर रहे हैं।

वहीं भाजपा के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि हमलोग शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने पहुंचे थे लेकिन कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हमारे ऊपर हमला कर दिया और पत्थरबाजी की। इस दौरान कई गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हुई है। वहीं मामले को लेकर एएसपी लॉ एंड ऑर्डर 2 कोमल मीणा ने कहा कि दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने सामने आ गए और एक दूसरे पर हमला किया। कुछ देर के लिए मौके पर स्थिति बिगड़ी लेकिन हमने जल्दी ही स्थिति को नियंत्रित कर लिया। अब हम इसकी वेरिफिकेशन करवा रहे हैं कि प्रदर्शन की अनुमति थी या नहीं साथ ही लॉ एंड ऑर्डर खराब करने वाले के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

  

Related Articles

Post a comment