राजधानी पटना में नहीं थम रहा विरोध प्रदर्शन का सिलसिला, अब दारोगा अभ्यर्थियों ने शुरू किया प्रदर्शन, ये है मांग...
- by Manjesh Kumar
- 09-Sep-2026
- Views
पटना: बिहार में इन दिनों विभिन्न मुद्दों को लेकर धरना प्रदर्शन का दौर लगातार जारी है। विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों के साथ अन्य कई संगठन भी लगातार धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी कड़ी में अब राजधानी पटना में दारोगा अभ्यर्थी धरना पर बैठ गए हैं। उनकी मांग है कि बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग के अभ्यर्थियों की सितंबर अक्टूबर में प्रस्तावित शारीरिक दक्षता परीक्षा जिसे स्थगित कर दिया है। उस परीक्षा की तिथि जल्द से घोषित की जाए।
धरना पर बैठे अभ्यर्थियों के हाथों में पोस्टर हैं, जिन पर 1799 बिहार दारोगा भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा की तारीख जारी करने की मांग लिखी है। गर्दनीबाग में प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के लिए लंबे समय से तैयारी की है। अभ्यर्थी पोस्टर के जरिए BPSSC और बिहार सरकार से PET की तारीख जल्द घोषित करने की अपील कर रहे हैं। उनका कहना है कि शारीरिक जांच के साथ-साथ हमारा भी दुख सरकार समझे। हमारी मेहनत, हमारा सपना, हमारा अधिकार, हमारी मांगों को देखें। अभ्यर्थियों का कहना है कि लगातार तारीख टलने से उनके सामने असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
दरअसल, मुख्य लिखित परीक्षा के आधार पर सफल अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में शारीरिक दक्षता परीक्षा के साथ अभिलेख सत्यापन में शामिल होना था। सितंबर-अक्टूबर में इन दोनों प्रक्रियाओं के आयोजन की तैयारी थी, लेकिन अब आयोग ने दोनों को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है। नई तारीख कब जारी होगी, इसकी जानकारी बाद में दी जाएगी। इस फैसले के बाद उन अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ गई है, जो मुख्य परीक्षा में सफल होने के बाद PET की तैयारी कर रहे थे। अब अभ्यर्थियों को आयोग की ओर से नई तारीख जारी किए जाने का इंतजार है। 1799 दारोगा भर्ती परीक्षा को लेकर इससे पहले गर्दनीबाग में छात्र आंदोलन हुआ था। आंदोलनकारी अभ्यर्थियों ने भर्ती परीक्षा को रद्द करने और पूरे मामले की जांच कराने की मांग उठाई थी। प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने परीक्षा में धांधली के भी आरोप लगाए थे। इसी मुद्दे को लेकर छात्रों और सरकार के बीच बातचीत भी हुई थी।
गुरुवार को शिक्षा विभाग के सचिव की अध्यक्षता में छात्र प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक हुई थी। बैठक में कई छात्र मुद्दों पर चर्चा की गई, जिसमें पुलिस अवर निरीक्षक भर्ती परीक्षा की जांच का मामला भी शामिल था। बातचीत के दौरान 1799 दारोगा भर्ती परीक्षा से जुड़े मामले को परीक्षा सुधार के लिए गठित होने वाली कमेटी के सामने रखने का फैसला किया गया था। तय किया गया कि शिकायतकर्ता अपने पास मौजूद साक्ष्यों के साथ कमेटी के सामने अपनी बात और सुझाव रख सकेंगे। कमेटी की रिपोर्ट और उसके आधार पर लिए जाने वाले फैसले के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आयोग के आदेश के बाद PET और अभिलेख सत्यापन की प्रक्रिया रुक गई है और अभ्यर्थी नई तारीख के साथ भर्ती प्रक्रिया को लेकर सरकार के अगले फैसले का इंतजार कर रहे हैं।


Post a comment