औचक निरीक्षण में गलगलिया चेक पोस्ट पहुंचे डीएम-एसपी, ड्यूटी में सतर्कता बरतने का निर्देश

किशनगंज: भारत-नेपाल सीमा से सटे गलगलिया चेक पोस्ट पर गुरुवार शाम को जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों के अचानक पहुंचने से चेक पोस्ट पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों में भी सतर्कता बढ़ गई। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था से लेकर वाहनों की जांच और सीमा क्षेत्र में आवागमन की निगरानी से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने चेक पोस्ट पर वाहनों की जांच की व्यवस्था, आने-जाने वाले लोगों एवं वाहनों की निगरानी तथा विधि-व्यवस्था से संबंधित तैयारियों की जानकारी ली।

अधिकारियों ने मौके पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पूरी सतर्कता और तत्परता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने कहा कि गलगलिया चेक पोस्ट सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण है, ऐसे में यहां निगरानी एवं जांच व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। वाहनों की जांच के दौरान विशेष सतर्कता बरतने तथा सुरक्षा व्यवस्था को लगातार सुदृढ़ बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 मनोज कुमार सिंह समेत अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे।

  

Related Articles

Post a comment