श्रावणी मेला को लेकर डीएम और एसएसपी की संयुक्त ब्रीफिंग, कांवरियों की सुरक्षा, सुविधा को लेकर प्रशासन अलर्ट
- by Manjesh Kumar
- 30-Jul-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: आगामी श्रावणी मेला के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर जिलाधिकारी कुमार गौरव और वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश मिश्रा ने द्वारकानाथ उच्च विद्यालय परिसर में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों की विस्तृत ब्रीफिंग की। इस दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने निर्धारित दायित्वों का निष्ठापूर्वक, सतर्कता एवं समर्पण भाव से निर्वहन करने का निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा एवं सुविधा में किसी भी प्रकार की कोताही अथवा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान कांवरियों की सुरक्षा, सुविधा एवं सेवा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि भीड़ प्रबंधन के दौरान शालीन व्यवहार, अनुशासन एवं संवेदनशीलता बनाए रखें तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने दें।
उन्होंने बताया कि बाबा गरीबनाथ मंदिर से लेकर फकुली मोड़ तक सभी प्रमुख चौक-चौराहों, कांवरिया पथ एवं ठहराव स्थलों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। पुलिस की लगातार पेट्रोलिंग, सीसीटीवी कैमरों एवं कंट्रोल रूम के माध्यम से संपूर्ण मेला क्षेत्र की सतत निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने, शांति व्यवस्था भंग करने अथवा उपद्रव फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी तथा उनके विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि मेला के सफल संचालन हेतु जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से व्यापक तैयारी की गई है। जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रबंधन समिति के साथ बैठक कर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई है तथा मेला अवधि के दौरान निरंतर मॉनिटरिंग एवं समीक्षा की जाएगी ताकि श्रद्धालुओं को कांवरिया पथ, ठहराव स्थलों एवं मंदिर परिसर में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि कांवरिया पथ को सुगम बनाया गया है तथा श्रद्धालुओं के निर्बाध आवागमन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। मार्ग एवं ठहराव स्थलों पर पेयजल, विद्युत, शौचालय, चिकित्सा शिविर एवं अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। श्रावणी मेला के दौरान पूर्व निर्धारित ट्रैफिक प्लान के अनुरूप यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। यातायात नियंत्रण के दृृष्टिकोण से शहर में प्रवेश करने वाले मार्ग रामदयालु नगर, कच्ची-पक्की चैक, गोबरसही चैक, भगवानपुर पुल, बैरिया गोलम्बर, जीरोमाईल, मिठनपुरा चैक तथा बनारस बैंक चैक से अति आवश्यक सेवा को छोड़कर सभी प्रकार के वाहनों का शहरी क्षेत्र की ओर प्रवेश पूर्णतः निषेध रहेगा। सरैयागंज टाॅवर से गांधी चैक, छाता चैक, माखन साह चैक एवं पुरानी बाजार चैक तक सपूंर्ण क्षेत्र में सभी प्रकार के वाहनों के लिए प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। उपरोक्त यातायात व्यवस्था श्रावण माह के प्रत्येक शनिवार के अपराह्न 02ः00 बजे से सोमवार के अपराह्न 02ः00 बजे तक प्रभावी रहेगा।
कांवरिया से संबंधित वाहन के पार्किंग की व्यवस्था लंगट सिंह महाविद्यालय के प्रांगण एवं सरकारी बस स्टैण्ड इमलीचट्टी एवं बैरिया बस पड़ाव में की गई है। मुजफ्फरपुर की ओर से पटना जाने वाली सभी प्रकार के वाहनों को सदात्तपुर से आने वाली न्यू बाई पास मधौल रोड से रेवा रोड पताही फ्लाई ओवर के नीचे भाया सरैया, मनिकपुर, वैशाली, लालगंज होते हाजीपुर अंजानपीर चैक से पटना के लिए परिचालित होंगे तथा पटना की ओर से मुजफ्फरपुर आने वाली सभी प्रकार के वाहन दिग्घीकला चैक, महुआ रोड होते हुए काजीइंडा चैक से कच्ची-पक्की चैक होकर खबड़ा होते हुए भगवानपुर आयेंगे एवं यहां से दरभंगा, मोतिहारी, शिवहर, सीतामढ़ी जायेंगे तथा बरौनी एवं समस्तीपुर से आने-जाने वाली सभी प्रकार के वाहन सीधे भगवानपुर चैक की तरफ परिचालित होंगे। किसी भी परिस्थिति में किसी भी प्रकार के वाहन पटना रोड में प्रवेश नहीं करेंगे।
ब्रीफिंग कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त निशांत सिहारा, नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर मोहिबुल्ला अंसारी, अपर समाहर्ता (राजस्व) प्रशांत कुमार, अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था) सुधीर कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता (आपदा) शैलेश कुमार चौधरी, अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी आनंद उत्सव, अनुमंडल पदाधिकारी पश्चिमी डॉ आकांक्षा आनंद सहित सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।


Post a comment