डीएम-एसपी ने दिलाई नशा छोड़ने की शपथ, नशा मुक्त किशनगंज बनाने का लिया संकल्प
- by Manjesh Kumar
- 26-Jun-2026
- Views
किशनगंज: मादक द्रव्यों के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिले में नशा मुक्त भारत सप्ताह के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने आमजनों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित लोगों को नशा छोड़ने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि परिवार और समाज की खुशहाली को भी प्रभावित करता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे और दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करे।
दोनों अधिकारियों ने कहा कि मादक पदार्थों की अवैध तस्करी और नशे के बढ़ते प्रचलन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से अपील की कि वे नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ें तथा एक स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं। जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने नशा मुक्त किशनगंज के निर्माण के लिए जिला प्रशासन और पुलिस की पूर्ण प्रतिबद्धता दोहराते हुए सभी नागरिकों से इस जन अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की।


Post a comment