100 प्रतिशत इलाज का दावा करने वाले वायरल चिकित्सक पर कस सकता है शिकंजा, मरीजों की शिकायतों से हरकत में स्वास्थ्य विभाग
- by Manjesh Kumar
- 23-Oct-2026
- Views
शेखपुरा: शेखपुरा में गंभीर बीमारियों को 100 प्रतिशत ठीक करने का दावा करने वाले वायरल होम्योपैथिक चिकित्सक एसएन भारती की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। लकवा, साइटिका, गठिया और स्त्री रोग जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज का दावा करने वाले इस चिकित्सक पर अब मरीजों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। इलाज के बावजूद राहत नहीं मिलने और महंगी दवाइयों पर हजारों रुपये खर्च होने की शिकायतें सामने आई हैं। मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच कराकर कार्रवाई करने की बात कही है।
दरअसल, मामला शेखपुरा नगर थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित एडीबी बैंक के समीप संचालित क्लिनिक से जुड़ा है। यहां होम्योपैथिक चिकित्सक एसएन भारती गंभीर बीमारियों को पूरी तरह ठीक करने का दावा करते हैं। लेकिन कई मरीजों का आरोप है कि इलाज कराने और महंगी दवाइयां लेने के बावजूद उन्हें अपेक्षित लाभ नहीं मिला। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, मरीजों को एक से दो महीने के अंतराल पर बुलाया जाता है और दवाइयों पर हर महीने करीब आठ से दस हजार रुपये तक खर्च हो रहे हैं। सोशल मीडिया पर मामला सामने आने के बाद भी कई लोगों ने कथित इलाज को लेकर शिकायतें की हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक जांच और स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।
मामले को लेकर शेखपुरा और लखीसराय के जिलाधिकारी तथा सिविल सर्जन को लिखित शिकायत देने की बात कही गई है। आयुष मंत्रालय, भारत सरकार से भी कार्रवाई की मांग की गई है। एक शिकायतकर्ता ने क्लिनिक के बोर्ड पर दर्ज मोबाइल नंबर किसी दूसरे व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत होने का आरोप लगाया है। इस दावे की भी जांच की मांग उठ रही है।
सिविल सर्जन डॉ संजय कुमार ने बताया कि उन्हें मीडिया के माध्यम से मामले की जानकारी मिली है। जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने गंभीर बीमारियों को 100 प्रतिशत ठीक करने के दावे को गलत बताते हुए इसकी जांच कराने की बात कही।


Post a comment