मामूली विवाद में हत्या बेहद दुखद, दोषियों पर होगी कानूनी कार्रवाई: विधायक

मुजफ्फरपुर: जिले के कांटी विधायक ई अजीत कुमार बुधवार को घटना के चौथे दिन प्रतापपुर पहुंचे। यहां उन्होंने आगजनी से प्रभावित परिवारों को कल्याण विभाग की ओर से प्रति परिवार 58,050 रुपये का चेक वितरित किया। इस दौरान उन्होंने समाज के लोगों से संवाद कर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आपसी संयम और सद्भाव बनाए रखने की अपील की। विधायक ने मामूली विवाद में 20 वर्षीय युवक की हत्या की घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि मोहम्मदपुर खाजे गांव का युवक बाहर में रहकर फूल-माला का काम करता था और घर आया हुआ था। किसी ने नहीं सोचा था कि मामूली विवाद उसकी जान ले लेगा। उन्होंने लोगों से इस घटना से सबक लेने और आपसी विवाद को हिंसा का रूप नहीं देने की अपील की।

विधायक ने बताया कि उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर न्याय दिलाने का भरोसा दिया था। घटना की जानकारी मुख्यमंत्री को भी दी गई है। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कराने का प्रयास किया जाएगा। प्रशासन निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान करेगा। उन्होंने कहा कि घटना में कुछ लोगों की संलिप्तता के कारण पूरे समाज को दंडित करना उचित नहीं है। पीड़ित परिवारों को न्याय और प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा मिलना चाहिए। जिन परिवारों के घर क्षतिग्रस्त हुए हैं और जिनका नाम सहायता सूची में छूट गया है, उन्हें भी सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

मौके पर जिला कल्याण पदाधिकारी, सीओ पुष्कल कुमार, करजा थानाध्यक्ष रामएकबाल प्रसाद, जदयू प्रखंड अध्यक्ष मो शमीम, मनोज कुमार सिंह, मो जाबिर हुसैन, मो फूल बाबू और प्रेम कुमार सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे।

रूपेश कुमार की रिपोर्ट

  

Related Articles

Post a comment