डीटीओ कार्यालय बना है भ्रष्टाचार का अड्डा, शेखपुरा में निगरानी ने क्लर्क को दबोचा

शेखपुरा: भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डीटीओ कार्यालय के सीनियर क्लर्क कुणाल कुमार को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई से परिवहन कार्यालय में हड़कंप मच गई। मिली जानकारी के अनुसार डीहा गांव निवासी राजू कुमार ने निगरानी विभाग से शिकायत की थी कि ट्रैक्टर वाहन से संबंधित कागजात बनाने के एवज में डीटीओ कार्यालय के सीनियर क्लर्क कुणाल कुमार द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत की प्रारंभिक जांच और सत्यापन के बाद निगरानी विभाग ने जाल बिछाया।

मंगलवार को पटना से पहुंची निगरानी विभाग की विशेष टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए कुणाल कुमार को 15 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। निगरानी विभाग के डीएसपी राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि डीहा गांव निवासी राजू कुमार की शिकायत पर कार्रवाई की गई है। ट्रैक्टर वाहन के कागजात बनाने के लिए कुणाल कुमार द्वारा रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत सत्य पाए जाने के बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत की रकम के साथ गिरफ्तार कर लिया। निगरानी की इस कार्रवाई ने सरकारी कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

  

Related Articles

Post a comment