कैंसर पीड़िता से ठगी के आरोपी फर्जी सीआईडी अधिकारी के घर पहुंची पुलिस, हथियार के साथ ही कई दस्तावेज बरामद

भागलपुर: भागलपुर में खुद को सीआईडी अधिकारी बताकर नौकरी दिलाने के नाम पर कैंसर पीड़िता से 5 लाख 60 हजार रुपये की कथित ठगी का मामला अब गंभीर रूप ले चुका है। आईजी के निर्देश पर भागलपुर पुलिस ने आरोपी मनोज वर्मा के सरकारी आवास पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान आरोपी फरार मिला, जबकि मौके से एक पिस्टल और उससे जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस बरामद हथियार के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, बांका की रहने वाली कैंसर पीड़िता सोनम भारती ने आरोप लगाया है कि मनोज वर्मा ने स्वयं को सीआईडी अधिकारी बताते हुए कृषि विश्वविद्यालय सबौर में नौकरी दिलाने का झांसा दिया और अलग-अलग किस्तों में 5.60 लाख रुपये ले लिए। नौकरी नहीं मिलने और पैसे वापस नहीं होने पर पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाई, जिसके बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया। भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं आईजी के निर्देश पर बांका जिले में भी मनोज वर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। अब भागलपुर और बांका पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही है।

पीड़िता की ओर से पैरवी कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव सिंह ने आरोप लगाया कि मनोज वर्मा के आपराधिक तत्वों से संबंध रहे हैं और उसे कुछ प्रभावशाली लोगों का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने यह भी दावा किया कि आरोपी कई सिम कार्ड का उपयोग करता है तथा छुट्टियों के दौरान भी सर्विस रिवॉल्वर अपने साथ रखता है। अधिवक्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, पीड़िता की राशि वापस दिलाने और दोष सिद्ध होने पर आरोपी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

  

Related Articles

Post a comment