गणेश पूजा में बार-बालाओं के डांस पर बवाल, जदयू नेता पर दबंगई का आरोप, 12 लोगों को...
- by Manjesh Kumar
- 30-Sep-2026
- Views
शेखपुर:. केवटी थाना कांड संख्या 47/2026 को लेकर गांव में विवाद गहराता जा रहा है। मामले में गंजती गांव निवासी रविन्द्र यादव ने आवेदन देकर जदयू महादलित प्रकोष्ठ के नेता अशरफी मांझी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आवेदन में कहा गया है कि गणेश पूजा के दौरान बार-बालाओं के नृत्य का आयोजन कराया गया था, जिसके लिए प्रशासन से अनुमति नहीं ली गई थी। कार्यक्रम के दौरान विवाद के बाद राजनीतिक षड्यंत्र के तहत 12 निर्दोष लोगों को नामजद कर दिया गया। रविन्द्र यादव का आरोप है कि उनके चाचा उमेश यादव सहित कई बुजुर्ग और युवक इस मामले में बेवजह अभियुक्त बनाए गए हैं।
आवेदन में यह भी दावा किया गया है कि होली के दौरान यादव परिवारों के साथ गाली-गलौज, पत्थरबाजी और उपद्रव की घटना हुई थी, जिसका वीडियो भी आवेदन के साथ संलग्न किया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, गांव में हर वर्ष गणेश पूजा के दौरान बार-बालाओं का डांस कराया जाता है और इसके आयोजन में अशरफी मांझी की प्रमुख भूमिका रहती है। आरोप है कि आयोजन के लिए संबंधित अधिकारियों से अनुमति नहीं ली जाती है। ग्रामीणों ने नेता पर दबंगई का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके कारण गांव में भय का माहौल बना हुआ है। आवेदक ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर निर्दोष लोगों को मुकदमे से मुक्त करने तथा दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।


Post a comment