सावन की अंतिम सोमवारी को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने गंगा घाटों का किया निरीक्षण, सुविधा और सुरक्षा को लेकर दिए कई निर्देश
- by Manjesh Kumar
- 22-Aug-2026
- Views
कटिहार: सावन की अंतिम सोमवारी को लेकर बरारी थाना क्षेत्र के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा एवं व्यवस्था का जायजा लिया। अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित संबंधित पदाधिकारियों ने घाट का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग और पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती को लेकर विशेष ध्यान दिया गया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए खतरनाक एवं गहरे स्थानों को चिह्नित कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। गोताखोरों एवं नावों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए एसडीएम को प्रतिवेदन भेजा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके। इसके अलावा घाट पर संभावित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भीड़ प्रबंधन एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा की गई।
श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्था करने पर जोर दिया गया। घाट परिसर में साफ-सफाई और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से निर्धारित स्थानों पर ही स्नान करने तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। निरीक्षण के दौरान बीस सूत्री अध्यक्ष मनोज सिंह कुशवाहा, संजय यादव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने सावन की अंतिम सोमवारी पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखने की बात कही।


Post a comment