गांव की मिट्टी से सेना के अफसर तक: अमन कुमार ने बढ़ाया शेखपुरा का मान
- by Manjesh Kumar
- 10-Sep-2026
- Views
शेखपुरा: जिले के महेश्वरी गांव निवासी अमन कुमार के भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनने पर गांव से लेकर पूरे जिले में खुशी की लहर है। मां महेश्वरी मेहुश की धरती पर आयोजित सम्मान समारोह में सैकड़ों ग्रामीणों ने फूल-माला और गुलदस्ता देकर अमन का भव्य स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अमन कुमार माता रानी देवी और पिता सनोज कुमार के पुत्र हैं। ग्रामीण परिवेश में रहकर पढ़ाई पूरी करने वाले अमन ने सेना में अधिकारी बनने का सपना पूरा कर परिवार के साथ गांव और जिले का नाम रोशन किया। उन्होंने अपने दादा स्वर्गीय उदित प्रसाद सिंह का नाम भी गौरवान्वित किया है।
समारोह में अमन ने कहा कि उन्होंने गांव में रहकर पढ़ाई की और शुरुआत से ही सेना में जाने का लक्ष्य तय कर लिया था। उन्होंने बताया कि अब तक किसी परीक्षा में असफल नहीं हुए। एक बार मेडिकल में जरूर परेशानी आई, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने माता-पिता के सहयोग और गुरुजनों के मार्गदर्शन को दिया। अमन ने युवाओं से अनैतिक गतिविधियों से दूर रहकर पढ़ाई और मेहनत पर ध्यान देने की अपील की। कार्यक्रम में चकंदरा पंचायत के मुखिया रवि सिंह, साकेत कुमार, गौरव कुमार, निरंजन सिंह, चितरंजन सिंह समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।


Post a comment