सुरक्षित शनिवार पर बच्चों को स्वच्छता और हाथ धुलाई का दिया गया संदेश
- by Manjesh Kumar
- 18-Jul-2026
- Views
कटिहार: बरारी प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय हासिमपुर बालक में शनिवार को 'सुरक्षित शनिवार' कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को स्वच्छता, हाथ धुलाई, व्यक्तिगत साफ-सफाई तथा कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया। बरसात के मौसम में संक्रामक बीमारियों की बढ़ती आशंका को देखते हुए बच्चों को स्वच्छता अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान शिक्षिका वंदना ने विद्यार्थियों को साबुन और स्वच्छ पानी से सही तरीके से हाथ धोने का अभ्यास कराया। उन्होंने सुमंक पद्धति के छह चरण—स-सीधा, उ-उल्टा, म-मुट्ठी, अ-अंगूठा, न-नाखून एवं क-कलाई—के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही बच्चों को समझाया कि भोजन करने से पहले, शौच के बाद, बाहर से घर आने पर तथा खांसने या छींकने के बाद हाथ अवश्य धोना चाहिए।
बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व पर भी जानकारी दी गई। उन्हें प्रतिदिन स्नान करने, साफ कपड़े पहनने, समय-समय पर नाखून काटने, बालों को स्वच्छ रखने तथा दिन में दो बार दांत साफ करने की सलाह दी गई। विद्यालय परिसर, कक्षा, रसोईघर और शौचालय को स्वच्छ रखने पर भी विशेष बल दिया गया। शिक्षिका वंदना ने गीले और सूखे कचरे के उचित निस्तारण की जानकारी देते हुए बताया कि ग्रीन डस्टबिन में फल एवं सब्जियों के छिलके जैसे गीले कचरे तथा ब्लू डस्टबिन में प्लास्टिक, बोतल और कागज जैसे सूखे कचरे डालने चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु में गंदगी और जलजमाव के कारण डायरिया, हैजा, टाइफाइड जैसी संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए स्वच्छता ही इन बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने अपने घर, विद्यालय और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने तथा दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।


Post a comment