पूर्णिया बस स्टैंड में जाम से मिलेगा निजात, रोड के बीच बनाया जाएगा डिवाइडर
- by Manjesh Kumar
- 19-Jul-2026
- Views
पूर्णिया: पूर्णिया के शहरी इलाके में जाम की समस्या से लोगों को छुटकारा नहीं मिल रहा है इसके लिए लगातार पुलिस और जिला प्रशासन काम कर रही है विभिन्न जगहों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की गति और ट्रैफिक नियम के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। शहर में सड़कें चौड़ी हुई मगर जाम की समस्या से निजात नहीं मिल रहा है। इसमें वाहन चालकों के द्वारा ट्रैफिक नियम की अनदेखी करना और ट्रैफिक लाइट का सही ढंग से काम नहीं करना प्रमुख कारण माना जा रहा है। लिहाजा अब पुलिस पदाधिकारियों ने जाम से छुटकारा दिलाने का नया प्लान बनाया है।
एसएसपी के नेतृत्व में एक टीम बनाई जा रही है। इसके मद्देनजर सदर एसडीपीओ वन अभिनव पराशर और ट्रैफिक डीएसपी रंजन कुमार सिंह ने बस स्टैंड का मुआयना कर यहां की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरूस्त करने का निर्देश दिया। इसके तहत भीड़भाड़ वाले जगहों पर चेकिंग अभियान के साथ रोड के बीच में बस टोटो लगाने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा जहां तहां यात्रियों को चढ़ाने उतारने वाले वाहनों पर भी पुलिस की नजर रहेगी। सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने कहा कि जाम से राहत दिलाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। पूर्णियां को जाम और अपराध मुक्त बनाना हमलोगों की प्राथमिकता में शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि हमलोगों का मकसद है कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू ढंग से चले और लोगों को सुगम यातायात का एहसास हो। सड़क सुरक्षा नियम का सभी पालन करें। हेलमेट लगाकर चलें यह आपकी सुरक्षा के लिए जरुरी है। अपराधियों के मन में डर पैदा करना मुख्य उद्देश्य है। यातायात पुलिस उपाधीक्षक ने कहा कि बस स्टैंड में दो भाग में डिवाइडर लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि निरंतर चेकिंग की जाएगी। रोड पर गाड़ी नहीं लगाएं जो स्थल निर्धारित है उसी जगह बस लगाने का निर्देश दिया ताकि आमलोगों को रोड पर आने जाने में किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।


Post a comment