उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में जल-जीवन-हरियाली और विकसित भारत जी-राम जी योजनाओं की समीक्षा
- by Manjesh Kumar
- 26-Sep-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: शनिवार को उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में जिला सभागार, मुजफ्फरपुर में जल-जीवन-हरियाली एवं विकसित भारत जी-राम जी के अंतर्गत क्रियान्वित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में आंगनवाड़ी केंद्र निर्माण, ग्रामीण हाट, मानव दिवस सृजन, कुशल/अकुशल श्रमिकों के ई-केवाईसी, वृक्षारोपण, पौधरोपण कार्यों के e-MR तथा समयबद्ध मजदूरी भुगतान की प्रखंडवार समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान 72 आंगनवाड़ी स्थलों में 14 पर ही कार्य प्रारंभ पाए जाने पर शेष योजनाओं में शीघ्र कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए गए। ग्रामीण हाट की 11 योजनाओं में 7 TS/AS की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया।
मानव दिवस सृजन की समीक्षा में कुल 3.73 लाख लक्षित पंचायत-स्तरीय प्रगति के बीच विभिन्न प्रखंडों में उपलब्धि एवं गैप की समीक्षा की गई तथा शून्य मानव दिवस वाले पंचायतों में तत्काल कार्य प्रारंभ कर मानव दिवस सृजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। विशेष रूप से कुढ़नी, मुशहरी, मड़वन, कांटी, पारू, साहेबगंज, कटरा एवं गायघाट में संबंधित पंचायतों की स्थिति पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। कुशल/अर्द्धकुशल श्रमिकों के ई-केवाईसी में कुल 15,443 श्रमिकों के विरुद्ध 2,321 ई-केवाईसी पूर्ण होने की स्थिति की समीक्षा की गई। वहीं सक्रिय अकुशल श्रमिकों के ई-केवाईसी की कुल उपलब्धि 88.86% दर्ज की गई। लंबित ई-केवाईसी को शीघ्र पूर्ण कराने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। वृक्षारोपण में कुल 4,476 लक्षित कार्यों में 4,090 योजनाओं पर कार्य प्रगति पर पाया गया।
मुशहरी, सकरा, मुरौल, बोचहां एवं कांटी सहित कम प्रगति वाले प्रखंडों में कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही पौधरोपण कार्यों के e-MR निर्गमन में कांटी, मड़वन, साहेबगंज, कटरा एवं गायघाट की स्थिति की विशेष समीक्षा की गई। अंत में समयबद्ध मजदूरी भुगतान की प्रखंडवार स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों को विभागीय निर्धारित समय-सीमा के भीतर श्रमिकों का भुगतान सुनिश्चित करने तथा लंबित FTO/द्वितीय हस्ताक्षर संबंधी मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।जल जीवन हरियाली अन्तर्गत रेन वाटर हार्वेस्टिंग एवम चेक डैम से सम्बंधित कार्यो की समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त महोदय ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट


Post a comment