बरारी प्रखंड मुख्यालय का जलमीनार बनी शोभा की वस्तु, नहीं होती है पानी की आपूर्ति
- by Manjesh Kumar
- 02-Jul-2026
- Views
कटिहार: कटिहार के बरारी प्रखंड मुख्यालय परिसर में बना जलमीनार इन दिनों अपनी बदहाल स्थिति के कारण चर्चा का विषय बना हुआ है। लाखों रुपये की लागत से निर्मित यह जलमीनार लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाया गया था, लेकिन वर्तमान में यह केवल शोभा की वस्तु बनकर रह गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार जलमीनार से काफी समय से पानी की आपूर्ति बंद है। परिसर में लगे कई सार्वजनिक नल टूट चुके हैं, जिससे लोगों को इसका कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। वहीं जलमीनार के चारों ओर बड़े-बड़े झाड़-झंखाड़ और जंगल उग आए हैं, जिससे रखरखाव की स्थिति साफ नजर आती है।
जानकारी के अनुसार, इस जलमीनार को अब नगर पंचायत बरारी को सुपुर्द कर दिया गया है। इसके संचालन, रखरखाव, मरम्मत और जलापूर्ति की पूरी जिम्मेदारी नगर पंचायत के अधीन है। इसके बावजूद अब तक जलापूर्ति बहाल नहीं हो सकी है और परिसर की साफ-सफाई भी नहीं कराई गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जलमीनार की मरम्मत कर नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं की गई तो सरकारी राशि से निर्मित यह महत्वपूर्ण योजना पूरी तरह बेकार साबित हो जाएगी। लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से टूटे नलों की मरम्मत, परिसर की साफ-सफाई कराने तथा जल्द से जल्द पानी की आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
फिलहाल जलमीनार की मौजूदा स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि संबंधित विभाग का इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं है। अब लोगों की निगाहें नगर पंचायत प्रशासन पर टिकी हैं कि आखिर कब तक इस जलमीनार को फिर से चालू कर आम लोगों को पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।


Post a comment