विधायक की पहल ने लाया रंग, रौतिनिया कचरा प्रोसेसिंग यूनिट का जल्द होगा उद्घाटन
- by Manjesh Kumar
- 22-Jul-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: जिले के मड़वन प्रखंड के रौतिनिया स्थित कचरा प्रोसेसिंग यूनिट का उद्घाटन एक अगस्त को किया जाएगा। इसकी जानकारी मिलते ही क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है। कांटी विधायक सह पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने बताया कि उद्घाटन समारोह में डीएम, नगर निगम के अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहेंगे। विधायक ने बताया कि रौतिनिया डंपिंग यार्ड की समस्या के समाधान को लेकर लगातार प्रयास किए गए। उन्होंने नगर निगम को 31 जुलाई तक कार्य में प्रगति नहीं होने पर एक अगस्त से शहर का कचरा डंप करने पर रोक लगाने का अल्टीमेटम दिया था। इसके बाद स्वच्छता निदेशक सह अपर सचिव विजय मीणा ने स्थल का निरीक्षण कर एक सप्ताह के भीतर कार्य शुरू कराने तथा आधुनिक प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित करने का आश्वासन दिया। वर्तमान में यूनिट के लिए बिजली समेत अन्य आवश्यक कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे है।
विधायक ने कहा कि वर्षों से पूरे मुजफ्फरपुर शहर का कचरा रौतिनिया में डंप होने के कारण आसपास के ग्रामीणों को दुर्गंध, मक्खियों और मच्छरों के प्रकोप से भारी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। प्रदूषण के कारण लोगों के स्वास्थ्य के साथ-साथ सामाजिक जीवन और आसपास संचालित निजी विद्यालय भी प्रभावित हो रहे थे। उन्होंने बताया कि पूर्व में डीएम के निरीक्षण और विधानसभा की प्राक्कलन समिति में मामला उठाने के बाद विभागीय मंत्री के निर्देश पर स्वच्छता निदेशक एवं नगर आयुक्त ने स्थल का निरीक्षण किया था। अधिकारियों ने यहां करीब एक लाख मीट्रिक टन कचरा जमा होने की पुष्टि की थी।
प्रोसेसिंग यूनिट शुरू होने के बाद यहां आधुनिक मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) प्लांट में सूखे और गीले कचरे का वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण किया जाएगा। विभाग की योजना के अनुसार गीले कचरे से गैस तैयार कर तेल कंपनियों को उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था विकसित की जाएगी। इससे क्षेत्र में स्वच्छ वातावरण के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट


Post a comment