रौतिनिया में बनेगा 50 टीपीडी क्षमता का कचरा प्रसंस्करण केंद्र, नगर निगम ने जारी किया वर्क ऑर्डर
- by Manjesh Kumar
- 19-Sep-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: जिले के कांटी विधायक सह पूर्व मंत्री ई अजीत कुमार के प्रयास से शहर के कचरा प्रबंधन को नई दिशा देने की पहल शुरू हो गई है। नगर निगम की ओर से 50 टीपीडी क्षमता वाले मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) के निर्माण का वर्क ऑर्डर जारी कर दिया गया है। इससे रौतिनिया में सूखे कचरे के संग्रहण, छंटाई और वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण की व्यवस्था विकसित होगी। कांटी विधायक सह पूर्व मंत्री ई अजीत कुमार ने बताया कि एक पखवारे के अंदर इसका शिलान्यास किया जाएगा। नगर निगम की स्वच्छता शाखा की ओर से जारी आदेश के अनुसार, एमआरएफ के निर्माण के लिए मेसर्स हर्ष एंगिकॉन प्राइवेट लिमिटेड, पटना को कार्यादेश दिया गया है। परियोजना की स्वीकृत राशि 9 करोड़ 71 लाख 33 हजार 440.84 रुपये है। एजेंसी को अनुसूचित दर से 11.27 प्रतिशत कम दर पर कार्य आवंटित किया गया है।
वर्क ऑर्डर में निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता एवं मानकों का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया है। इसमें इस्तेमाल होने वाले ईंट, बालू, सीमेंट, मेटल आदि की गुणवत्ता की जांच प्रमाणित लैब से कराने, पीसीसी एवं आरसीसी कार्य में क्यूब कास्ट के बाद क्रशिंग स्ट्रेंथ की जांच कराने तथा निर्माण में कम से कम टीएमटी एफई-500 ग्रेड की सरिया का इस्तेमाल करने को कहा गया है। नगर निगम ने कार्यस्थल पर निर्माण सामग्री व उपकरणों के सुरक्षित भंडारण तथा कचरा उठाव के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया है। कार्य पूरा करने की अवधि वर्क ऑर्डर जारी होने की तिथि से छह माह निर्धारित की गई है। इससे शहर में सूखे कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन और प्रसंस्करण की व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है।
मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट


Post a comment