कटिहार के स्कूल में रसोइया और शिक्षिका के विवाद का विभागीय जांच शुरू, डीपीओ ने कहा 'दोषी के विरुद्ध होगी जांच'

कटिहार: कटिहार जिला के आजमनगर प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय ग्वालटोली सिंहपुर में कार्यरत रसोईया पर शिक्षिका के साथ कथित मारपीट एवं अभद्र व्यवहार के मामले की जांच गुरुवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देश पर डीपीओ मध्यान भोजन योजना निशांत सिंह ने की। डीपीओ विद्यालय पहुंचकर प्रभारी प्रधानाध्यापक, सभी शिक्षकों, रसोईया तथा छात्र-छात्राओं से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने विद्यालय शिक्षा समिति के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय ग्रामीणों से भी पूरे मामले को लेकर उनका पक्ष जाना। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और संबंधित लोगों के बयानों को गंभीरता से दर्ज किया गया। डीपीओ ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद विस्तृत प्रतिवेदन जिला शिक्षा पदाधिकारी को सौंपा जाएगा।

उन्होंने बताया कि संबंधित शिक्षिका का फिलहाल प्रखंड कार्यालय में प्रतिनियोजन कर दिया गया है। साथ ही शिक्षिका का पक्ष भी लिया जाएगा। डीपीओ ने कहा कि अभद्र व्यवहार के मामले में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक की भूमिका की भी जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर उनके विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। डीपीओ ने प्रभारी प्रधानाध्यापक को विद्यालय शिक्षा समिति के अध्यक्ष की उपस्थिति में बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया है। बैठक में विभागीय दिशा-निर्देश के अनुसार आवश्यक निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले में अंतिम कार्रवाई तय की जाएगी।

  

Related Articles

Post a comment