खेत में मौत बनकर गिरा हाईटेंशन तार, करंट की चपेट में आई महिला की मौके पर मौत
- by Manjesh Kumar
- 28-Sep-2026
- Views
शेखपुरा: जिले के सदर प्रखंड क्षेत्र के कारे गांव के खंधे में सोमवार को खेत में काम करने गई एक महिला की करंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है। मृतिका की पहचान कारे गांव निवासी महेंद्र यादव की पत्नी फूलो देवी के रूप में की गई है। मिली जानकारी के अनुसार, फूलो देवी खेत की ओर काम करने गई थी। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रहा हाईटेंशन बिजली का तार अचानक टूटकर नीचे गिर गया। तार के संपर्क में आते ही महिला करंट की चपेट में आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए।
मृतिका के पति महेंद्र यादव ने बताया कि उनकी पत्नी रोज की तरह खेत की ओर काम करने गई थी। इसी दौरान बिजली का तार टूटकर उसके ऊपर गिर गया, जिससे उसकी जान चली गई। घटना की सूचना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फूलो देवी अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है। मां की मौत से दोनों बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से टूटे तारों और जर्जर विद्युत व्यवस्था की जांच कर लापरवाही पर कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।


Post a comment