बिना नंबर प्लेट वाले टोटो पर ठाकुरगंज पुलिस की सख्ती, चलाया गया विशेष जांच अभियान

किशनगंज: जिले के ठाकुरगंज थाना पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से बिना नम्बर प्लेट चल रहे टोटो (ई-रिक्शा) के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान शहर के मुख्य मार्ग, मस्तान चौक, बस स्टैंड के समीप तथा रेलवे गेट के पास चलाया गया, जहां पुलिस ने गुजर रहे टोटो को रोककर उनके दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों से वाहन का पंजीकरण, बीमा, फिटनेस सहित अन्य आवश्यक कागजात प्रस्तुत करने को कहा। जिन टोटो पर नम्बर प्लेट नहीं लगी थी या आवश्यक दस्तावेज अधूरे पाए गए, उन्हें नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई। मोटर वाहन अधिनियम के अनुसार सार्वजनिक सड़कों पर बिना वैध पंजीकरण और नम्बर प्लेट के वाहन चलाना नियमों का उल्लंघन माना जाता है। 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बिना नम्बर प्लेट के वाहन चलने से दुर्घटना या किसी आपराधिक घटना की स्थिति में वाहन की पहचान करना कठिन हो जाता है। इसी कारण ऐसे वाहनों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही वाहन चालकों से अपील की गई कि वे अपने वाहनों पर निर्धारित नम्बर प्लेट अवश्य लगवाएं और सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें। ठाकुरगंज थाना पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

  

Related Articles

Post a comment