कोसी स्नातक चुनाव: सुबह 8 बजे से मतदान शुरू, सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने बूथों पर पहुंचे डीएम-एसपी
- by Manjesh Kumar
- 23-Oct-2026
- Views
शेखपुरा: कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर शुक्रवार सुबह 8 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई। मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।इसी कड़ी में जिलाधिकारी शेखर आनंद, पुलिस अधीक्षक हिमांशु कुमार, एसडीएम प्रियंका कुमारी और एसडीपीओ डॉ राकेश कुमार ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और मतदान प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम शेखर आनंद ने बताया कि चुनाव को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान कर्मियों के लिए भी समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। प्रशासन की प्राथमिकता शांतिपूर्ण माहौल में मतदान संपन्न कराना और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना है।


Post a comment