कुसुम की वजह से बदली गांव की पहचान, उद्यम ग्रामीण महिलाओं के लिए बना रोजगार का नया केंद्र

मुजफ्फरपुर: बजरंग जीविका स्वयं सहायता समूह एवं संगम सीएलएफ से जुड़ी एक साधारण जीविका सदस्य कुसुम देवी ने अपने दूरदर्शी सोच, दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत के बल पर उद्यमिता की एक प्रेरणादायक मिसाल कायम की है। 29 सितंबर 2025 को स्थापित कुखु स्काईपैकर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने मंगलवार को अपने सफल एक वर्ष का सफर पूरा किया। स्थापना के समय 24 मशीनों से शुरू हुआ यह उद्यम महज एक वर्ष में बढ़कर 105 मशीनों तक पहुंच गया है। इस अवसर पर आयोजित प्रथम वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी पहुंचे और उद्यम की गतिविधियों का अवलोकन किया।

जिला पदाधिकारी ने कुसुम देवी के संघर्ष, मेहनत और एक वर्ष में हासिल की गई प्रगति की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को स्थानीय स्तर पर मिल रहे रोजगार एवं आजीविका के अवसरों को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को रोजगार से जोड़ने और उन्हें उद्यमिता की ओर आगे बढ़ाने वाले ऐसे प्रयासों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। जिला प्रशासन की ओर से कुसुम देवी को हर संभव सहयोग उपलब्ध कराने तथा उद्यम के विस्तार के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में नए रोजगार के अवसर सृजित करने में सहयोग का आश्वासन दिया गया। सामाजिक रूप से सशक्त होने के लिए आर्थिक रूप से महिलाओं का सशक्त होना जरूरी है सरकार हर संभव मदद सभी उद्यमियों की करेगी और नए-नए  तकनीक के माध्यम से बाजार भी उपलब्ध कराने के लिए कार्य किया जाएगा. उद्योग विभाग की विभिन्न स्कीमों द्वारा ज्यादा से ज्यादा जीविका समूह की महिलाओं को जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं अतिथियों ने भी कुसुम देवी की उद्यमिता यात्रा को जाना और एक वर्ष में प्राप्त उपलब्धियों की सराहना की।  इस अवसर पर डीपीएम जीविका अनीशा, एसडीएम  पश्चिमी, डीपीआरओ, ओसडी सहित जीविका एवं जिला प्रशासन के अन्य गणमान्य अधिकारी उपस्थित रहे। कुसुम देवी की यह यात्रा यह दर्शाती है कि एक साधारण जीविका सदस्य भी दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत और सही सहयोग के माध्यम से सफल उद्यम खड़ा कर सकती है तथा अपने साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र की अन्य महिलाओं के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकती है।

मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट

  

Related Articles

Post a comment