मां काली की प्राण प्रतिष्ठा के साथ शुरू हुआ अखंड हरिनाम संकीर्तन

कटिहार: कटिहार के बरारी प्रखंड के भवानीपुर, कुंडी घाट, मोहनाचाँदपुर स्थित सार्वजनिक दुर्गा मंदिर में आयोजित अखंड हरिनाम संकीर्तन एवं मां काली प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के चौथे दिन सोमवार को वैदिक विधि-विधान के साथ मां काली की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की गई। इसके साथ ही अखंड हरिनाम संकीर्तन का शुभारंभ हुआ। पूरे दिन मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही और भक्ति का माहौल बना रहा। मुख्य पुजारी आचार्य संजीत कुमार शास्त्री एवं आचार्य पंडित चंदन कुमार शास्त्री के सान्निध्य में शंखध्वनि और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान संपन्न हुआ। "हरे राम-हरे कृष्ण" के संकीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने मां काली के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

अखंड हरिनाम संकीर्तन में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन समिति ने बताया कि 21 जुलाई को पूजन, हवन एवं आरती तथा 22 जुलाई को पूजन, हवन, महाआरती, पूर्णाहुति एवं महाप्रसाद वितरण के साथ महोत्सव का समापन होगा। कार्यक्रम में पूर्व विधायक विभाष चंद्र चौधरी, पूर्व प्रमुख लक्ष्मी देवी, मंदिर समिति के अध्यक्ष अमर सिंह, सचिव पप्पू कुमार यादव, कोषाध्यक्ष अनिल कुमार महतो, उपाध्यक्ष चंदन राम सहित समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं मुकेश चौधरी, बमबम चौधरी, सुनील राम, दिनेश महतो, सुशील चौधरी, विकास यादव, कालीचरण ठाकुर, राजीव चौधरी, गयाराम, रौशन कुमार, सन्नी एवं रंजीत मंडल समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

धार्मिक अनुष्ठान के मुख्य यजमान कुणाल प्रियदर्शी, निशा चौधरी, राहुल प्रियदर्शी एवं स्नेहा चौधरी रहे। कार्यक्रम में कलवार समाज के प्रखंड अध्यक्ष महेश कुमार चौधरी उर्फ मुन्ना चौधरी, सचिव गौतम भगत, कोषाध्यक्ष अभय जायसवाल, संजय जायसवाल, उमेश चौरसिया एवं रविंद्र चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से शेष कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर धर्म लाभ उठाने की अपील की।

  

Related Articles

Post a comment