महानंदा के कटावग्रस्त क्षेत्रों का डीएम ने किया निरीक्षण, पहली बारिश में ही कटावरोधी कार्य ध्वस्त होने के मामले के जांच का दिया आदेश

कटिहार: कटिहार के जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने गुरुवार को आजमनगर प्रखंड अंतर्गत महानंदा नदी के कटावग्रस्त क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण किया। मानसून के मद्देनजर बाढ़ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे जिलाधिकारी ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों एवं अभियंताओं के साथ तटबंधों, स्पर तथा बाढ़ निरोधक कार्यों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, उपयोग की गई सामग्री और कार्य की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए अभियंताओं को सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नदी किनारे चल रहे तटबंध सुदृढ़ीकरण एवं स्पर मरम्मत कार्यों का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी सुरक्षात्मक कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ किए जाएं ताकि संभावित बाढ़ से लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। इस दौरान आजमनगर महानंदा नदी घाट से दक्षिण दिशा में लगभग 200 मीटर की दूरी पर बने एंटी इरोजन (कटाव निरोधक) कार्य के पहली ही बारिश में ध्वस्त होने का मामला भी जिलाधिकारी के संज्ञान में आया। उन्होंने इस स्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को पूरे मामले की जांच कराने तथा जियो बैग सहित निर्माण कार्य की गुणवत्ता की विस्तृत जांच करने का निर्देश दिय। साथ ही दोषी पाए जाने पर संबंधित एजेंसी एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के संकेत दिए।

  

Related Articles

Post a comment