मानव सेवा का शतक: विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ ने 100 यूनिट रक्तदान का आंकड़ा किया पार, जरूरतमंद मरीज को तत्काल उपलब्ध कराया रक्त
- by Manjesh Kumar
- 16-Jun-2026
- Views
पूर्णिया: विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ ने मानव सेवा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए वर्ष 2026 में 100 यूनिट रक्तदान एवं रक्त उपलब्ध कराने का आंकड़ा पार कर लिया है। संगठन की इस उपलब्धि को समाजसेवा और जनकल्याण की दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। संगठन लगातार जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर मानवता की मिसाल पेश कर रहा है। जानकारी के अनुसार देर रात लाइन बाजार शिव मंदिर रोड स्थित चाय दुकान संचालक राजीव कुमार पासवान ने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी से संपर्क कर बताया कि उनके रिश्तेदार रामसागर पासवान पूर्णिया के इनफिनिटी हॉस्पिटल में भर्ती हैं और उन्हें तत्काल रक्त की आवश्यकता है। रामसागर पासवान टीबी, ब्लड शुगर सहित अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित हैं। चिकित्सकों के अनुसार उनके शरीर में पर्याप्त मात्रा में रक्त नहीं बन पा रहा है, जिसके कारण उन्हें तीन यूनिट रक्त चढ़ाने की जरूरत थी।
सूचना मिलते ही विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के कार्यकर्ता सक्रिय हो गए और बिना देर किए एक यूनिट रक्त की व्यवस्था कर मरीज को उपलब्ध कराया। इसी रक्तदान के साथ संगठन ने वर्ष 2026 में 100 यूनिट रक्तदान एवं रक्त उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण आंकड़ा भी पार कर लिया। इस उपलब्धि पर संगठन के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने कहा कि विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ केवल धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा को भी अपना प्रमुख दायित्व मानता है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य है कि किसी भी जरूरतमंद भाई, बहन, माता या बेटी को आवश्यकता के समय रक्त के अभाव में परेशान न होना पड़े। जब भी किसी मरीज को रक्त की जरूरत होती है, संगठन के युवा कार्यकर्ता तत्परता के साथ आगे बढ़कर सहयोग करते हैं।
उन्होंने इस सेवा कार्य में योगदान देने वाले सभी रक्तदाताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। साथ ही युवाओं से अपील की कि वे रक्तदान जैसे महादान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें, क्योंकि एक यूनिट रक्त किसी की जिंदगी बचा सकता है। इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय मंत्री खगेश कुमार, राष्ट्रीय आईटी सेल प्रभारी नीतीश कुमार, वार्ड संख्या 24 के अध्यक्ष रितिक कुमार, वार्ड संख्या 7 के अध्यक्ष प्रिंस कुमार, विक्की गोस्वामी, पूर्णिया गोरक्षा प्रमुख नवीन कुमार सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संगठन ने भविष्य में भी इसी सेवा भाव के साथ जरूरतमंदों की सहायता और जनकल्याण के कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।


Post a comment