खिलौना निकालने गया था मासूम, बिल में छिपे सांप ने डसा

कटिहार: गुरमेला पंचायत के वार्ड संख्या सात में मंगलवार सुबह एक मासूम की खेल-खेल में जान चली गई। सात वर्षीय आर्यन कुमार घर के पास पक्की जमीन पर घिरनी से खेल रहा था। खेलते समय खिलौना जमीन में बने एक छोटे से बिल में चली गई। उसे निकालने के लिए मासूम जैसे ही बिल के पास पहुंचा, भीतर छिपे सांप ने उसे डस लिया। कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरारी में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। 

मां के पास पहुंचकर बोला-‘मां, देखो मुझे क्या हो गया’

सर्पदंश के बाद आर्यन घबराया हुआ अपनी मां रूबी देवी के पास पहुंचा। उसने मां को बताया कि घिरनी निकालने के दौरान उसे कुछ हो गया है। परिजनों को उस समय अंदाजा नहीं था कि मासूम सांप के डसने का शिकार हो चुका है। उन्हें लगा कि बिल से घिरनी निकालने के दौरान उसके शरीर पर खरोंच लगी होगी। कुछ देर बाद आर्यन की हालत बिगड़ने लगी तो परिजन उसे लेकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरारी पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

बेटे की मौत की खबर सुन मां की चीख से गूंज उठा घर

आर्यन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां रूबी देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। बेटे की मौत की खबर ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। मृतक के पिता बाबलू मंडल बेंगलुरु में रहकर मजदूरी करते हैं। आर्यन तीन भाइयों में मंझला था। मासूम की मौत के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

बरसात में बढ़ जाता है सर्पदंश का खतरा

आर्यन की मौत की घटना सिर्फ एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि बरसात के मौसम में सर्पदंश से बचाव को लेकर ग्रामीणों के लिए चेतावनी भी है। बारिश के दौरान सांप अक्सर बिलों से निकलकर घरों, आंगन, झाड़ियों, लकड़ी के ढेर और अन्य सुरक्षित स्थानों की ओर चले जाते हैं। ऐसे में बच्चों को बिल, झाड़ियों या अंधेरी जगहों में हाथ डालकर कोई वस्तु निकालने से रोकना जरूरी है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों के खिलौने या गेंद यदि किसी बिल अथवा संदिग्ध जगह में चले जाएं तो उन्हें खुद निकालने के बजाय पहले आसपास की स्थिति की सावधानीपूर्वक जांच करनी चाहिए। सर्पदंश की आशंका होने पर बिना समय गंवाए पीड़ित को अस्पताल पहुंचाना चाहिए।

पंचायत समिति सदस्य मिथलेश यादव, उमेश कुमार, फरीजुल सहित अन्य लोगों ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की और परिजनों को ढांढस बंधाया।>

  

Related Articles

Post a comment