धरती के भगवान की संवेदनहीनता, 4 घंटे तक तड़प कर मरीज ने तोड़ दिया दम, परिजनों ने किया हंगामा
- by Manjesh Kumar
- 30-Aug-2026
- Views
भागलपुर: बिहार के भागलपुर में स्थित मायागंज अस्पताल में युवक को समय से इलाज नहीं मिलने की वजह से मौत हो गई। इलाज में लापरवाही का आरोप लगा कर परिजनों ने जम कर हंगामा किया। करीब 3 घंटे तक चले हंगामा की वजह से अस्पताल परिसर में अफरातफरी का माहौल रहा। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझा बुझा कर शांत करवाया। मृतक की पहचान झारखंड के मिर्जाचौकी निवासी मिथिलेश पासवान के रूप में की गई। मृतक के परिजनों ने कहा कि युवक सीढ़ी से गिर गया था जिसके बाद इलाज के लिए उसे मायागंज अस्पताल लाया गया लेकिन चिकित्सक और अन्य कर्मियों की लापरवाही की वजह से उसकी जान चली गई।
मृतक के परिजनों ने बताया कि जब हम लोग अस्पताल पहुंचे तो इमरजेंसी के गेट के बाहर हमें करीब डेढ़ घंटे तक रोका गया। उसके बाद जब डॉक्टर आए तो उन्होंने देखते ही कहा कि इसका इलाज यहां नहीं होगा और दूसरे विभाग में भेज दिया। दूसरे विभाग में भी डॉक्टर ने कहा कि यहां इलाज नहीं होगा। परिजनों ने कहा कि करीब चार घंटे तक हम मरीज को लेकर एक विभाग से दूसरे विभाग में घूमते रहे और डॉक्टर इलाज से मना करते रहे। परिजनों ने कहा कि हमलोग गुहार लगाते रहे लेकिन किसी ने हमारी नहीं सुनी। हमने जब डॉक्टर से बात करने की कोशिश की तो हमारे साथ धक्का मुक्की की गई। इसी क्रम में उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजन आक्रोशित हो गए और हंगामा करना शुरू कर दिया।
मामले की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझा बुझा कर शांत करवाया और मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके साथ ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में जब अस्पताल अधीक्षक से संपर्क करने की कोशिश की गई तो वह नहीं मिले और फोन का भी जवाब नहीं दिया।


Post a comment