मुजफ्फरपुर के विभिन्न प्रखंडों में 1 और 15 सितंबर को 47 पंचायतों में होगा सहयोग शिविर का आयोजन

मुजफ्फरपुर: राज्य सरकार की घोषणा के अनुरूप जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला के विभिन्न प्रखंडों में 1 एवं 15 सितंबर को 47-47 पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी ने शिविरों के सफल संचालन के लिए जिला से वरीय पदाधिकारियों को प्रतिनियुक्त किया है। अनुमंडल पदाधिकारियों को अपने क्षेत्र अंतर्गत शिविरों के आयोजन का अनुश्रवण करने के लिए निर्देशित किया है। जिलाधिकारी ने कहा कि मुजफ्फरपुर जिला में पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व सुनिश्चित करते हुए जन-कार्यों के प्रति संवेदनशीलता के साथ सरकार की लोक-कल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया जा रहा है। सरकार के उद्देश्यों के अनुरूप जन-समस्याओं के त्वरित तथा प्रभावी समाधान के साथ प्रशासन के लिए जनता की संतुष्टि सर्वोपरि है।

सहयोग शिविर में आप किन ’समस्याओं’ के लिए आएँ?

  • राशन, पेंशन, आवास, मनरेगा इत्यादि योजनाओं से संबंधित समस्याएं
  • भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, सीमांकन इत्यादि राजस्व मामले
  • जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र एवं अन्य प्रमाण पत्र
  • बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य इत्यादि से संबंधित शिकायतें
  • किसी भी सरकारी योजना से संबंधित समस्या; शिकायत; सुझाव..

19 मई से प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को सहयोग शिविर आयोजित हो रहा है, जनता की समस्याओं का ’समयबद्ध समाधान’ सुनिश्चित किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के आदेश का अनुपालन करते हुए 19 मई से मुजफ्फरपुर जिला में भी सहयोग शिविरों का शुभारंभ हुआ है। पंचायतों के साथ-साथ विभिन्न नगर निकायों में यह लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी शिविर स्थलों पर लगभग 19 विभागों का काउंटर लगाया जाता है, जहां आम जनता को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान करने में जिला प्रशासन द्वारा सहायता उपलब्ध करायी जाती है। हर शिविर स्थल पर जिला स्तर से एक वरीय पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी के तौर पर प्रतिनियुक्त किया गया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर हर महीने के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को रोस्टर के अनुसार मुजफ्फरपुर जिला के सभी 373 पंचायतों में आयोजित किया जा रहा है। सरकार के द्वारा दिए गए दिशा-निदेशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय ‘‘सबका सम्मान, जीवन आसान’’ (ईज ऑफ लिविंग) के तहत लोगों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम करने तथा उन्हें गरिमामय जीवन यापन करने हेतु बेहतरीन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सहयोग शिविरों का सफल आयोजन किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न माध्यमों यथा प्रिन्ट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया, आउटडोर पब्लिसिटी सहित सभी माध्यमों से सहयोग शिविर स्थलों, निःशुल्क हेल्पलाईन 1100 एवं ऑनलाईन परिवाद दर्ज करने हेतु सहयोग पोर्टल का नियमित रूप से वृहत प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। परिवादों के निष्पादन हेतु सम्पूर्ण प्रशासनिक तंत्र सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध है। जनता की समस्याओं का त्वरित एवं विधिवत समाधान कर आवेदकों को लिखित रूप से सूचना दी जा रही है। ’परिवाद दर्ज करने की तिथि से 30 दिनों के अंदर उसका निष्पादन सुनिश्चित कर सहयोग पोर्टल पर उपलब्ध कराया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने कहा कि सहयोग पोर्टल में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन में प्रगति की उनके स्तर से नियमित तौर पर समीक्षा की जाती है। अभी तक प्राप्त आवेदनों में से लगभग 95 प्रतिशत आवेदनों को गुणवत्तापूर्ण ढ़ंग से समय-सीमा के अंदर निष्पादित किया गया है। शेष आवेदनों का भी निर्धारित समय-सीमा के अंदर निष्पादन किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि पदाधिकारियों को आवेदनों का प्रभावी ढंग से समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान करने तथा शिविरों का सफलतापूर्वक आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि जन शिकायतों का निवारण अपरिहार्य है तथा जनता की संतुष्टि अनिवार्य है। पदाधिकारीगण इसे विशेष रुचि लेकर सुनिश्चित करेंगे। परिवादों के सिर्फ निष्पादन से काम नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए निदेशित किया गया है कि लोगों को सरकार की लोक-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ ससमय मिले।

मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट

  

Related Articles

Post a comment