कटिहार के बरारी में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का पुलिस ने किया उद्भेदन, कई हथियार हुए बरामद
- by Manjesh Kumar
- 24-Jul-2026
- Views
कटिहार में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, STF और बरारी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हथियार तस्कर गिरफ्तार। मिट्टी के नीचे छिपाकर रखे थे चार देशी कट्टे, दो नाली बंदूक और हथियार बनाने की मशीन; दियारा क्षेत्र में होती थी सप्लाई
कटिहार: कटिहार पुलिस को अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। बरारी थाना पुलिस, स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) पूर्णिया और जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) की संयुक्त टीम ने शुक्रवार तड़के बरारी थाना क्षेत्र के सुजापुर के समीप संचालित एक कथित मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान चार देशी कट्टे, एक दो नाली बंदूक, एक अर्द्धनिर्मित कट्टा, हथियार बनाने के कई पुर्जे, लेथ मशीन तथा अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं। बरारी थानाध्यक्ष सुमेश कुमार ने बताया कि 23 जुलाई की रात करीब 10:32 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि बलुआ से कालिकापुर जाने वाली सड़क पर सुजापुर चौक से लगभग 600 मीटर दूर बांसमिट्टी स्थित टीन शेड की एक वेल्डिंग दुकान में अवैध हथियारों का निर्माण किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया तथा एसटीएफ पूर्णिया और डीआईयू कटिहार के साथ संयुक्त छापेमारी टीम का गठन किया गया।
शुक्रवार तड़के पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। दुकान के अंदर मौजूद एक युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन जवानों ने उसे तत्काल दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बरारी के कजरा निवासी मो रजाउल अंसारी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान कमरे के भीतर मिट्टी खुदी हुई दिखाई दी। पुलिस ने जब उस स्थान की खुदाई कराई तो दो बोरों में छिपाकर रखे गए चार देशी कट्टे, एक दो नाली बंदूक और एक अर्द्धनिर्मित कट्टा बरामद हुआ। इसके अलावा देशी हथियारों के बैरल, बॉडी, ट्रिगर, हैमर, बॉडी लॉक, फरमा, दो कारतूस के खोखे तथा हथियार निर्माण में प्रयुक्त अन्य लोहे के पुर्जे भी बरामद किए गए। मौके से मोटर चालित लेथ मशीन भी जब्त की गई, जिसका उपयोग हथियार बनाने में किया जाता था।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस के समक्ष स्वीकार किया कि वह लेथ मशीन से देशी हथियार तैयार कर दियारा क्षेत्र के अपराधियों को बेचता था। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है, जिसकी तकनीकी जांच कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जाएगी। पुलिस अभिलेखों के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पहले भी डकैती की तैयारी तथा आर्म्स एक्ट से संबंधित दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। थानाध्यक्ष सुमेश कुमार ने बताया कि अवैध हथियार निर्माण, भंडारण और बिक्री के आरोप में संबंधित धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि अवैध हथियार किन-किन क्षेत्रों में और किन लोगों तक पहुंचाए जाते थे। अधिकारियों ने इसे जिले में अवैध हथियार कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई बताया है।


Post a comment